संघर्ष की जीत: हिमाचल 12वीं बोर्ड में किसान की बेटी आरुषि शर्मा ने पाया प्रदेशभर में दूसरा स्थान
Struggle wins: Farmer's daughter Aarushi Sharma secures state
नाहन। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। जिला सिरमौर के शिक्षा खंड सराहां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार की छात्रा आरुषि शर्मा ने कला संकाय मे प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। आरुषि शर्मा के पिता नीरज शर्मा किसान व माता सुमन बाला गृहणी हैं।
आरुषि के पिता नीरज शर्मा खेतीबाड़ी के साथ-साथ मजदूरी भी करते हैं, ताकि वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दे सकें। आरुषि शर्मा ने बचपन से ही सिविल सेवा में जाने का सपना देखा है।
माता-पिता के साथ खेत व घर में काम भी करती
आरुषि पढ़ाई के साथ-साथ पिता के साथ खेतों में काम भी करती है। वहीं घर पर आकर घर के कार्यों में मां का हाथ भी बंटाती है। इसके साथ ही प्रतिदिन 3 से 4 घंटे पढ़ाई करती थी।
दसवीं में विज्ञान का शिक्षक न होने से नहीं आ पाई मेरिट में
दो वर्ष पूर्व दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में भी वह कुछ ही अंकों से मेरिट में आने से चूक गई थी। क्योंकि स्कूल में विज्ञान का अध्यापक नहीं था। दसवीं कक्षा में आरुषि के विज्ञान में 65 अंक आए थे, जबकि अन्य विषयों में 95 से अधिक अंक थे।
2025-26 के शैक्षणिक सत्र में सभी शिक्षक विद्यालय में पूरे थे, तो आरुषि ने दिन रात मेहनत कर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के कला संकाय में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
पच्छाद उपमंडल में खुशी की लहर
आरुषि के स्कूल शिक्षा बोर्ड में दूसरे स्थान पर आने पर पच्छाद उपमंडल सहित जिला सिरमौर में खुशी की लहर है। जिला सिरमौर से जो चार छात्र छात्राएं मेरिट सूची में आए हैं, वह सभी सरकारी स्कूलों तथा दुर्गम क्षेत्र के हैं।