2027 चुनाव को लेकर सपा का बड़ा ऐलान: मुफ्त बिजली और महिलाओं के लिए पेंशन
SP's big announcement for 2027 elections
लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वर्ष 2027 के चुनाव में पार्टी की सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की घोषणा की है। सपा प्रमुख ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर आयोजित बैठक में यह घोषणा की और महिलाओं को साल में 40 हजार रुपए पेंशन का अपना चुनावी वादा भी दोहराया।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान विरोधी है। इसने प्रदेश की स्वास्थ्य शिक्षा, बिजली व्यवस्था सब चौपट कर दी है। सपा सरकार आने पर व्यवस्था में सुधार होगा और हर वर्ग को न्याय मिलेगा। वर्ष 2022 के विधान सभा चुनाव में भी सपा ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किया था।
स्मार्ट मीटर से बिजली ठगी का आरोप
सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर के नाम पर चल रही बिजली की ठगी के खिलाफ प्रदेश की जनता के गुस्से का मीटर हाई है, भाजपा के बिजली मीटर भी, ईवीएम मशीन की तरह हेराफेरी करते हैं। महंगे सिलिंडर और महंगी बिजली के बिल ही भाजपा का कनेक्शन सत्ता से काट देंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव का परिणाम दोहराते हुए वर्ष 2027 में अधिक से अधिक विधायक जिताना है। भाजपा की कुटिल चालों पर नजर रखनी होगी। वह झूठे आरोप लगाकर समाजवादियों को बदनाम करने की कोशिश करती है।
भाजपा सरकार पर अखिलेश का हमला
एक अन्य बयान में महिला आरक्षण मुद्दे को लेकर कहा कि भाजपाई और उनके संगी-साथियों द्वारा अब नकली विरोध की शूटिंग कराई जा रही है। इसमें शामिल युवक-युवतियों का हम दोषी नहीं मानते, क्योंकि बेतहाशा बेरोजगारी के इस भाजपाई दौर में मजबूर होकर दो पैसों की उम्मीद में लोग कुछ भी करने को तैयार हैं। भाजपा पहले गरीबी-मजबूरी पैदा करती है, फिर उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर इस्तेमाल करती है।
वहीं बिहार के मुजफ्फरपुर से मुंबई स्थित हाजी अली दरगाह तक स्केटिंग करते हुए जा रहे मोहम्मद तौहीद रजा, मोहम्मद साजिद, मोहम्मद अमीरुल और मोहम्मद अली ने सपा प्रमुख से मुलाकात की। विधान सभा चुनाव में पूरे उत्तर प्रदेश में स्केटिंग करते हुए सपा के पक्ष में प्रचार की इच्छा जताई।