झारखंड की बेटियों का जलवा; एशियन गेम्स के लिए सलीमा, निक्की, ब्यूटी और दीपिका भारतीय टीम में शामिल

20th Asian Games Japan

20th Asian Games Japan

रांची: 20th Asian Games Japan: हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 20वें एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी. 20 सदस्यीय टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों का चयन राज्य के लिए गर्व का विषय है. सलीमा टेटे को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी गई है. उनके अलावा निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग भी भारतीय टीम का हिस्सा होंगी.

झारखंड की कप्तान सलीमा टेटे भारतीय महिला हॉकी की सबसे भरोसेमंद मिडफील्डरों में शामिल हैं. वह 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी हैं और पिछले दो वर्षों से भारतीय टीम की कप्तानी कर रही हैं. हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप में उनके नेतृत्व में भारत ने अजेय रहते हुए खिताब जीता था. अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सलीमा झारखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं जिन्हें यह सम्मान मिला.

खूंटी की निक्की प्रधान टीम की अनुभवी डिफेंडर हैं. 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी निक्की पिछले एक दशक से लगातार भारतीय टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने ओलंपिक, विश्व कप, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल जैसे सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है.

फॉरवर्ड खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग ने शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में वापसी की है. वहीं मिडफील्डर दीपिका सोरेंग लगातार बेहतर खेल दिखाते हुए भारतीय टीम में अपनी जगह मजबूत कर रही हैं. उनकी गति और खेल की समझ भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकती है.

भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच स्जोर्ड मारिज्ने के मार्गदर्शन में टीम एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगी. टूर्नामेंट 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में खेला जाएगा.

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने चार खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. जरूरत केवल सही समय पर उचित मार्गदर्शन और अवसर देने की है. उन्होंने कहा कि हॉकी झारखंड लगातार खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है और राज्य सरकार का सहयोग भी लगातार मिल रहा है. उन्होंने बताया कि वर्तमान में सीनियर टीम में चार, जूनियर टीम में चार और सब-जूनियर टीम में छह खिलाड़ी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय दौरों के लिए चुने गए हैं, जो राज्य में हॉकी की मजबूत परंपरा का प्रमाण है.

उन्होंने कहा, भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों का चयन पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है. सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग ने अपने प्रदर्शन से साबित किया है कि झारखंड प्रतिभाओं की धरती है. यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग तथा राज्य सरकार और हॉकी झारखंड के निरंतर प्रयासों का परिणाम है. हमें विश्वास है कि भारतीय टीम एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करेगी और ये चारों खिलाड़ी देश को पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.

भारतीय महिला हॉकी टीम (20वें एशियाई खेल 2026)

  • गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारिबम
  • डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखराम्बम, ललथांटलुआंगी, ज्योति, शिल्पी दाभास
  • मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनीलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग
  • फॉरवर्ड: ललरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग.

झारखंड की चार बेटियों के एक साथ भारतीय टीम में चयन से राज्य की नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी. हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन और भारत के लिए पदक जीतने की शुभकामनाएं दी हैं.