सोनू सूद का लखनऊ कोचिंग अग्नि कांड पर कचोटा कलेजा, बोले- नन्ही जिंदगियां सफर से पहले खत्म हो गईं
Lucknow Coaching Centre Fire
हैदराबाद: Lucknow Coaching Centre Fire: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बीते दिन एक कोचिंग सेंटर में आग लग गई. इस अग्निकांड में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जिससे हर तरफ दुख का माहौल है. लोगों ने सुरक्षा के कड़े नियमों की मांग की है. इस घटना के कई वीडियो सामने आए है, जिसने हर देख हर किसी का रूह कांप उठा है. इस घटना पर जहां स्मृति ईरानी, रवि किशन जैसे सितारों ने शोक जताया, वहीं बॉलीवुड एक्टर और गरीबों के मसीहा कहे जाने वाले सोनू सूद ने इसकी निंदा की.
सोनू सूद
सोनू सूद ने मंगलवार, 23 जून को अपने एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के बारे में पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है, 'क्लासरूम को सपनों को आगे बढ़ाने वाली जगह होनी चाहिए, न कि उनकी आखिरी मंजिल. लखनऊ की आग की घटना से दिल टूट गया है. कितनी ही युवा जानें चली गईं. कितने ही सपने बिखर गए. भविष्य के अधिकारी, कलाकार, नेता और बदलाव लाने वाले, जिनका सफर शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया.'
परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सोनू सूद ने आगे लिखा है, 'जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके दुख को कम करने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं. मेरी प्रार्थनाएं उनके साथ हैं और उनके साथ भी जो ठीक होने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. इन बच्चों के लिए हमारे आंसुओं से कहीं ज्याज जरूरी है कि हम उन्हें सुरक्षित माहौल और बेहतर सुरक्षा इंतजाम दें, ताकि ऐसी त्रासदी दोबारा कभी न हो.'
पवन सिंह
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने भी इस घटना पर शोक जताया है. उन्होंने एक्स हैंडल पर घटना का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है, 'लखनऊ में हुई हृदयविदारक अग्नि दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है. इस दुर्घटना में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें.'
इन सितारों ने भी व्यक्त की संवेदना
इससे पहले स्मृति ईरानी, रवि किशन जैसे सितारों ने इस घटना पर दुख जताया था. 'कभी सास भी बहू थी' की एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट में लिखा था, 'लखनऊ स्थित कोचिंग संस्थान में लगी आग की घटना अत्यंत दुःखद है. इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा इस कठिन समय में परिजनों को धैर्य और संबल दें. घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.'
रवि किशन ने लिखा था, 'लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में आग लगने से छात्रों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदय विदारक है. यह घटना हम सभी को गहरे शोक में डालने वाली है. इस दुखद हादसे में दिवंगत हुए सभी विद्यार्थियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.'
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
मंगलवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने पुष्टि की कि इस मामले में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और अधिकारियों को सस्पेंड भी किया गया है.
डिप्टी सीएम ने कहा, 'कल रात से अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कुछ अधिकारियों को सस्पेंड भी किया गया है. एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी; किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.'
एक्शन में लखनऊ पुलिस
लखनऊ पुलिस ने अलीगंज पुलिस स्टेशन इलाके में उस इमारत को सील कर दिया है जहां आग लगी थी।. वहां आम लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है, क्योंकि फोरेंसिक एक्सपर्ट और फायर डिपार्टमेंट की टीमें घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने की तैयारी कर रही हैं.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जांच जारी रहने के दौरान इमारत के आस-पास भारी पुलिस बल तैनात है. पुलिस ने छह आरोपियों और घटना के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्तर प्रदेश फायर सर्विस एक्ट की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है.