धौलाना में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली का कहर, कई वाहन क्षतिग्रस्त
Speeding Tractor-Trolley Wreaks Havoc in Dhaulana
धौलाना। Speeding Tractor-Trolley Wreaks Havoc in Dhaulana, तहसील कार्यालय के गेट नंबर एक के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने सड़क पर तांडव मचाया। कुछ ही पलों में बेकाबू वाहन ने कई खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, पिलखुवा से कई कुंतल गेहूं लादकर ट्रैक्टर-ट्राली धौलाना आ रही थी।
जैसे ही वाहन तहसील गेट नंबर एक के सामने पहुंचा, चालक सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी।
'टक्कर के बाद घबरा गया चालक और पीछे देखने लगा तभी...'
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद चालक घबरा गया और पीछे की ओर देखने लगा। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्राली ने दोबारा संतुलन खो दिया और पास में खड़ी दो बाइकों को रौंदते हुए सड़क किनारे खुदे नाले में जा धंसी।
इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया।
दीवानी फौजदारी राजस्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम तोमर ने बताया कि तहसील में वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था नही है। जिसके चलते वाहन सड़क पर खड़े होते है।
बृहस्पतिवार को हुई घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन वाहनों के दवाब के कारण कभी कोई बाद हादसा हो सकता है। थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।