यूपी सिडको की 187वीं बोर्ड बैठक: SOP सुधार, प्रशिक्षण और 1650 करोड़ टर्नओवर का लक्ष्य तय

यूपी सिडको की 187वीं बोर्ड बैठक: SOP सुधार, प्रशिक्षण और 1650 करोड़ टर्नओवर का लक्ष्य तय

CM-yogi-Mayus-1779850117946_v

UPSIDCO's 187th Board Meeting

लखनऊ। UPSIDCO's 187th Board Meeting: यूपी सिडको की 187वीं बोर्ड बैठक में निगम के प्रशासनिक, तकनीकी एवं विकास संबंधी विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

परियोजनाओं की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रबंधन प्रणाली को प्राथमिकता देने की बात कही गई। यूपी सिडको के सभी कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) एवं सहायक अभियंताओं (एई) की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए मुख्यालय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

निगम के शीर्ष प्रबंधन को भी वर्तमान परिदृश्य में हो रही प्रगति एवं नवीन व्यवस्थाओं के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। निगम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की गई।

कार्यप्रणाली को अधिक दक्ष बनाने के लिए कुछ इकाइयों को आपस में मर्ज (विलय) करने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। संगठन के विकास, प्रशासनिक सुधार, परियोजनाओं की प्रगति तथा कार्यकुशलता बढ़ाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

सिडको के अध्यक्ष वाईपी सिंह ने अधिकारियों को निगम के कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने एवं योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में यूपी सिडको ने उपलब्धि के रूप में 1544 करोड़ रुपये का टर्नओवर हासिल किया है। इस उपलब्धि पर बोर्ड द्वारा संतोष व्यक्त करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए यूपी सिडको को 1650 करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

यूपी सिडको के मुख्य अभियंता द्वारा उत्तर प्रदेश में निगम के माध्यम से निर्माणाधीन भवनों का समय-समय पर निरीक्षण करने की जानकारी दी गई। संबंधित रिपोर्ट भी बोर्ड बैठक में प्रस्तुत की गई।

प्रबंध निदेशक संजीव सिंह, कंपनी सचिव प्रज्ञा सिंह, राजीव श्रीवास्तव (निदेशक, सामान्य प्रबंधन, सार्वजनिक उद्यम विभाग), प्रवीण मिश्रा (विशेष सचिव, समाज कल्याण विभाग) व अजय कुमार तिवारी (संयुक्त सचिव, वित्त विभाग) समेत कई अन्य उपस्थित रहे।