सिरमौर की टटियाना पंचायत ने पेश की अनोखी लोकतांत्रिक मिसाल
नाहन। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की टटियाना पंचायत ने पंचायत चुनाव में अनोखी मिसाल पेश करते हुए प्रधान, उपप्रधान और बीडीसी सदस्य सहित पूरे पैनल का निर्विरोध चयन कर प्रदेशभर में चर्चा बटोरी है।
‘शाटी पाशी का चौंतरा’ के नाम से पहचानी जाने वाली इस पंचायत में महासू देवता मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक के दौरान पर्ची सिस्टम के माध्यम से सभी पदाधिकारियों का चयन किया गया।
पंचायत में वर्ष 2020 से लागू इस विशेष व्यवस्था के तहत गांव के चार बड़े परिवारों से नामित प्रतिनिधियों की पर्चियां डाली जाती हैं और सर्वसम्मति से चयन किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत प्रधान पद के लिए पूनम शर्मा, उपप्रधान पद के लिए दाता राम शर्मा और बीडीसी सदस्य के लिए प्रियंका शर्मा को चुना गया।
गांव की सामाजिक मजबूती का प्रतीक
गांववासियों ने चुनावी प्रतिस्पर्धा, विवाद और अनावश्यक खर्च से दूर रहते हुए आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता को प्राथमिकता दी। चयनित प्रतिनिधियों पर पंचायत के सभी लोगों ने सहमति जताई और इस मॉडल को गांव की सामाजिक मजबूती का प्रतीक बताया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस व्यवस्था से न केवल चुनावी खर्च बचता है, बल्कि बिना किसी तनाव और मतभेद के पंचायत नेतृत्व का चयन संभव हो पाता है। टटियाना पंचायत की यह पहल अब अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभर रही है।