शिमला में 12वीं में फेल होने पर छात्र ने की आत्महत्या, रिजल्ट के बाद तनाव में था
- By Gaurav --
- Tuesday, 05 May, 2026
Shimla tragedy: Student dies
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 12वीं की परीक्षा में असफल होने के बाद एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। यह घटना अन्नाडेल स्थित ठाकुर बाग क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान निखिलेष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 4 मई को 12वीं का रिजल्ट जारी होने के बाद वह असफलता से गहरे मानसिक तनाव में चला गया। उसी शाम उसने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मृतक के एक दोस्त ने हेल्पलाइन नंबर 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्र का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करवाई गई है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने भी किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।