चिट्टा तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई, शिमला पुलिस ने पंजाब से मुख्य सप्लायर को दबोचा
- By Gaurav --
- Thursday, 23 Jul, 2026
Shimla Police Arrest Main Drug
शिमला पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को चिड़गांव थाना पुलिस ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान अमृतसर निवासी 23 वर्षीय मनिंदर सिंह को 16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में थाना चिड़गांव में एफआईआर संख्या 68/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस टीम ने अमृतसर में छापेमारी कर सुखदीप सिंह उर्फ जैस गिल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस मामले में मुख्य सप्लायर की भूमिका निभा रहा था। उसे एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और मादक पदार्थों की आपूर्ति के नेटवर्क की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।