शिमला में रिज मैदान पर बिना अनुमति शूटिंग पर मेयर ने लिया कड़ा कदम

शिमला में रिज मैदान पर बिना अनुमति शूटिंग पर मेयर ने लिया कड़ा कदम

Shimla Mayor takes strict action against

Shimla Mayor takes strict action against

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार सुबह माहौल गरमा गया। नगर निगम के मेयर सुरेन्द्र चौहान ने बिना अनुमति चल रही शूटिंग को तुरंत बंद करवा दिया। मेयर ने स्पष्ट कहा कि रिज और मॉल रोड जैसे प्रसिद्ध स्थलों की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है और इसके लिए निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है।

शूटिंग के दौरान लोगों को हटा रहे थे 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय कुछ लोग बड़े कैमरे के साथ वीडियो बना रहे थे। एक व्यक्ति कैमरा संभाल रहा था, जबकि चार युवतियां हिमाचल की पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य कर रही थीं। इस दौरान कैमरा चला रहा व्यक्ति वहां मौजूद स्थानीय लोगों को एक ओर हटने के लिए भी कह रहा था, जिससे कुछ लोगों ने नाराजगी भी जताई।

मेयर ने तुरंत रुकवा दी शूटिंग, बताए नियम

इसी बीच मेयर सुरेंद्र चौहान भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत गतिविधि रुकवा दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शूटिंग के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। पहले अनुमति लेना और निर्धारित राशि जमा करना आवश्यक है। बिना अनुमति किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्रवाई के निर्देश दिए

मेयर ने वहीं से नगर निगम आयुक्त को दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए, ताकि आने वाले समय में कोई इस तरह से परेशानी का कारण न बन सके। 

मेयर ने वीडियो बनाने को लेकर तय किए मानक

मेयर ने कहा कि सामान्य लोग अपने मोबाइल से निजी उपयोग के लिए दृश्य रिकॉर्ड कर सकते हैं, किंतु बड़े पेशेवर कैमरे के साथ इस प्रकार की गतिविधि की अनुमति नहीं दी जा सकती।