शिमला: आईपीएल टिकटों के नाम पर साइबर ठगी का 'नया खेल', पुलिस ने जारी किया अलर्ट
Shimla: A 'New Scam' Involving Cyber Fraud
Shimla: A 'New Scam' Involving Cyber Fraud, आईपीएल मैचों का बढ़ता क्रेज अब साइबर ठगों के लिए नया हथियार बन गया है। इंटरनेट मीडिया पर सस्ते टिकट और विशेष ऑफर दिखाकर लोगों को फर्जी वेबसाइट पर ले जाकर टिकट बुकिंग के नाम पर बैंक खातों से रकम उड़ा ली जा रही है।
राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कुछ दिन में क्रिकेट टिकट बुकिंग से जुड़ी शिकायतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसका असर हिमाचल में भी देखने को मिल रहा है। साइबर अपराधी फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर आकर्षक विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार फर्जी स्क्रीनशाट और नकली रिव्यू दिखाकर लोगों का भरोसा जीता जाता है। साइबर ठग असली वेबसाइटों से मिलते-जुलते नाम और डिजाइन बनाते हैं, जिससे आम व्यक्ति आसानी से भ्रमित हो जाता है। कई मामलों में ठगी के बाद वेबसाइट और संपर्क नंबर दोनों गायब हो जाते हैं।
ऐसे हो रही टिकट बुकिंग के नाम पर ठगी
- इंटरनेट मीडिया पर सस्ते आईपीएल टिकट का विज्ञापन।
- लिंक पर क्लिक करते ही फर्जी वेबसाइट खुलती है।
- टिकट बुकिंग के नाम पर बैंकिंग डिटेल मांगी जाती है।
- भुगतान के बाद टिकट नहीं मिलता और पैसे निकल जाते हैं।
साइबर ठगी से ऐसे बचें
- केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही टिकट बुक करें।
- यूआरएल और वेबसाइट का डोमेन जरूर जांचें।
- किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
- ओटीपी और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें।
- ठगी होने पर तुरंत 1930 व 112 पर शिकायत करें।
टिकट बुकिंग, निवेश या किसी भी ऑनलाइन भुगतान के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और भरोसेमंद ऐप का ही इस्तेमाल करें। किसी अनजान लिंक, इंटरनेट मीडिया विज्ञापन या संदिग्ध ऑफर पर क्लिक करने से बचें। - अशोक तिवारी, डीजीपी।