शौर्य चक्र विजेता मार्कोस कमांडो अमित राणा का सड़क हादसे में निधन: सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

शौर्य चक्र विजेता मार्कोस कमांडो अमित राणा का सड़क हादसे में निधन: सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

982aa966-d155-4488-8b29-c6d2b229c7e7

Shaurya Chakra Awardee and MARCOS

ज्वालामुखी। भारतीय नौसेना के विशिष्ट मरीन कमांडो (मार्कोस) व शौर्य चक्र से सम्मानित 32 वर्षीय अमित सिंह राणा निवासी लाहड़ू की सोमवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। उपमंडल ज्वालामुखी के खुंडियां क्षेत्र में लाहड़ू के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

स्वजन ने बताया कि अमित राणा सोमवार सुबह घर पहुंचे थे और देर रात दोस्त से मिलकर लौटते समय हादसा हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे बाद अमित राणा को गंभीर हालत में गहरी खाई से बाहर निकालकर खुंडियां अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अमित राणा माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में माता पवन कुमारी, पिता नायब सूबेदार केवल सिंह राणा, पत्नी मीनाक्षी राणा व चार वर्षीय बेटा है। मंगलवार दोपहर बाद पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अमित राणा का अंतिम संस्कार किया।

अमित सिंह राणा ने वर्ष 2018 में जम्मू-कश्मीर में चलाए गए आपरेशन रक्षक के दौरान कई आतंकवाद विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने टीम के साथ आठ आतंकियों को मारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए वर्ष 2021 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि दुर्घटनास्थल पर न तो क्रैश बैरियर हैं और न ही पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध।

उन्होंने प्रशासन से मार्ग पर सुरक्षा प्रबंध करने की मांग की है ताकि भविष्य में हादसे न हों। विधायक संजय रतन, एसडीएम डा. संजीव शर्मा, एएसपी देहरा आरपी जसवाल, पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, जिला भाजपा अध्यक्ष अजय खट्टा ,ज्वालामुखी भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामस्वरूप शास्त्री व समाजसेवी लोगों ने अमित राणा के निधन पर दुख व्यक्त कर ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।