Service Lane Collapses Again Near Solan

सोलन बाईपास पर फिर धंसी सर्विस लेन, 10 से ज्यादा बार ढह चुकी सड़क से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल

pp

Service Lane Collapses Again Near Solan

Solan में National Highway 5 पर सोलन बाईपास के पास पुलिस लाइन के समीप बनी सर्विस लेन एक बार फिर भरभराकर ध्वस्त हो गई है। फोरलेन निर्माण कंपनी की लापरवाही और कमजोर इंजीनियरिंग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह सर्विस लेन अब तक 10 से अधिक बार धंस चुकी है

स्थानीय लोगों का कहना है कि National Highways Authority of India (NHAI) और निर्माण कंपनी के तमाम तकनीकी प्रयास यहां विफल साबित हुए हैं, जिससे पूरे फोरलेन प्रोजेक्ट की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

हल्की बारिश में बह गई मिट्टी

हाल ही में निर्माण कंपनी ने धंसी हुई जगह पर मिट्टी की फिलिंग कर मरम्मत की थी, लेकिन हल्की बारिश ने ही इस अस्थायी समाधान की पोल खोल दी। बारिश के कारण मिट्टी बह गई और सर्विस लेन कई फुट नीचे धंस गई।

बताया जा रहा है कि इससे पहले इंजीनियरों ने यहां डंगे (रिटेनिंग वॉल) बनाकर समस्या का समाधान करने की कोशिश की थी, लेकिन हर बार कुछ ही दिनों में दीवारों में दरारें पड़ जाती हैं और सड़क फिर से ढह जाती है।

मंदिर और सामुदायिक भवन भी हुए तबाह

भूस्खलन का दायरा इतना बढ़ गया है कि सड़क के नीचे बहने वाले नाले तक की जमीन लगातार धंस रही है। इसके चलते कथेड़ जाने वाला मार्ग बार-बार बंद हो जाता है।

सबसे दुखद बात यह है कि इस धंसाव की चपेट में आकर एक मंदिर और एक सामुदायिक भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि स्थानीय लोगों के लिए अपने घरों तक पहुंचना भी जोखिम भरा हो गया है।

उपायुक्त के निर्देश भी बेअसर

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ समय पहले सोलन के उपायुक्त ने मौके का निरीक्षण किया था और NHAI अधिकारियों को स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए थे।

हालांकि आरोप है कि इन निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए केवल मिट्टी डालकर औपचारिक मरम्मत कर दी गई, जिसका नतीजा एक बार फिर सड़क के धंसने के रूप में सामने आया है।