बांसवाड़ा में सनसनीखेज वारदात: BAP नेता के भाई की पीट-पीटकर हत्या, क्षेत्र में भारी तनाव

बांसवाड़ा में सनसनीखेज वारदात: BAP नेता के भाई की पीट-पीटकर हत्या, क्षेत्र में भारी तनाव

Sensational Crime in Banswara

Sensational Crime in Banswara

Ghatol News: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सोमवार रात एक वारदात को अंजाम दिया गया. यहां भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अशोक निनामा के छोटे भाई अनिल निनामा की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस जघन्य अपराध के बाद से ही घाटोल और आसपास के इलाकों में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है.

काली मगरी के पास झाड़ियों में मिला घायल

जानकारी के अनुसार, बोरपी केरेंग निवासी अनिल निनामा (पुत्र केशव निनामा) एक सामाजिक कार्यक्रम नोतरा में शामिल होने गए थे. आशंका जताई जा रही है कि कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद घात लगाकर बैठे अज्ञात हमलावरों ने काली मगरी गांव के पास उन पर जानलेवा हमला बोल दिया. हमलावरों ने अनिल को इतनी बेरहमी से पीटा कि वे सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिले.

रात 2 बजे सरपंच का फोन और अस्पताल में मौत

मृतक के भाई और बीएपी नेता अशोक निनामा ने बताया कि रात करीब 2 बजे उन्हें सागबारी के सरपंच ने फोन पर इस घटना की सूचना दी. जब वे मौके पर पहुंचे तो अनिल तड़प रहा था. उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत में बांसवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद अनिल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवाया गया है.

परिजनों बोले- सोची-समझी साजिश के तहत हमला

अशोक निनामा ने बताया कि उनका भाई नोतरा कार्यक्रम में गया था, जहां किसी विवाद के चलते उस पर हमला किया गया. परिजनों का आरोप है कि यह एक सोची-समझी साजिश हो सकती है. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल और मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिसे देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है.

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा के इंतजाम

खमेरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस जाब्ता तैनात है. घाटोल SHO रमेश निम्मा का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.