Samata Marathon Held in Haryana,

पंचकूला में समता मैराथन का आयोजन, CM सैनी बोले—समानता ही मजबूत भारत की नींव

pp

Samata Marathon Held in Haryana,

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज यवनिका पार्क, सेक्टर-5 से भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को समर्पित ‘समता मैराथन’ को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह मैराथन सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मैराथन स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का युवाओं और बच्चों ने जोरदार स्वागत किया। सैनी ने प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम, सेक्टर-3 तक उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लिया।

बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन संघर्ष, त्याग और संकल्प की प्रेरणादायक गाथा है। उन्होंने समाज के वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया और देश को संविधान के साथ समानता, न्याय और बंधुत्व की विचारधारा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मैराथन समाज में भेदभाव और असमानता के खिलाफ एक मजबूत संदेश है। हमें मिलकर ऐसा भारत बनाना है, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार बाबा साहेब के आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है।

युवाओं को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि वे देश का भविष्य हैं और एक समतामूलक समाज के निर्माण की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंने बाबा साहेब के संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।