रुद्रप्रयाग जिला योजना को मिली मंजूरी, 5815.80 लाख रुपये के बजट से विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
Rudraprayag District Plan Approved
रुद्रप्रयाग। Rudraprayag District Plan Approved, वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना संरचना, परिव्यय निर्धारण एवं योजनाओं/प्रस्तावों की समीक्षा बैठक में जनपद के समग्र विकास के लिए कुल 5815.80 लाख की बजट को अंतिम रूप दिया गया। जनपद प्रभारी मंत्री ने प्रस्तावित सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
5815.80 लाख के बजट से समग्र विकास को मिलेगी नई दिशा
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जिला योजना की बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना संरचना, परिव्यय निर्धारण एवं योजनाओं/प्रस्तावों की समीक्षा बैठक ली। जिला योजना स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की जानी चाहिए।
मंत्री ने प्रस्तावित सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई एवं उनमें जल की उपलब्धता सुनिश्चित रखने पर विशेष बल दिया।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने वीसी के माध्यम से ली जिला योजना की बैठक
विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने कहा कि प्रभारी मंत्री की वर्चुअल अध्यक्षता में आयोजित जिला योजना अनुमोदन बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 5815.80 लाख रुपये के बजट परिव्यय को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस बजट के माध्यम से जनपद में विभिन्न विकास योजनाओं को गति मिलेगी तथा आम जनता को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
विधायक ने बताया कि बजट की उपलब्धता से संबंधित विभागों द्वारा सड़क निर्माण, पेयजल योजनाओं, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, कृषि एवं उद्यान जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास कार्य संचालित किए जाएंगे। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्रीय आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी और आम जनमानस के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
डीएम ने कहा, इस साल जनपद में नई पहल शुुरू
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष जनपद में एक नई पहल शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक विभाग अपनी योजनाओं की 6 माह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। इसमें योजनाओं की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति का तुलनात्मक मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला योजना का मुख्य उद्देश्य अल्पकालिक एवं प्रभावी परियोजनाओं के माध्यम से आमजन को शीघ्र लाभ पहुंचाना है।
पूर्व सीएम को दी श्रद्धांजलि
बैठक में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, उप वन संरक्षक रजत सुमन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
====================================================