रिंकू सिंह के पिता खानचन्द की तबीयत गंभीर, क्रिकेट प्रेमियों में चिंता
Rinku Singh's father Khanchand is in critical
अलीगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचन्द करीब डेढ़ वर्ष से गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। रविवार को दक्षिण अफ्रीका के साथ हुए मुकाबले को भी उन्होंने देखा। इसमें टीम हार गई थी। मैच के बाद से ही पिता की तबीयत खराब हो गई। सुबह उन्हें नोएडा ले जाया गया। वहां यथार्थ अस्पताल में भर्ती है।
स्वजन व खेल प्रेमियों में भी चिंता है। स्वस्थ होकर घर लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं। कई लोगों ने मंगलवार को रिंकू सिंह के घर पहुंच स्वजन से हाल जाना। खानचन्द का इलाज महीनों से चल रहा है।
क्रिकेट प्रेमियों में चिंता, कर रहे प्रार्थना, कई ने घर पहुंचकर जाना हाल
स्वजन उन्हें हर माह जांच के लिए नोएडा ले जाते हैं। रविवार को उन्होंने टी-20 विश्वकप में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए मैच को देखा। इसके बाद से ही वह असहज महसूस कर रहे थे। बीपी डाउन हो गया था। स्वजन ने दवा दी, मगर सुधार नहीं हुआ। बिगड़ती जा रही तबीयत के चलते सोमवार की सुबह उन्हें स्वजन नोएडा के यथार्थ अस्पताल ले गए। वहां से अभी लौटे नहीं हैं। रिंकू के करीबी अर्जुन फकीरा ने बताया कि रिंकू के पिता का उपचार चल रहा है।
पिता चाहते हैं रिंकू लाए ट्रॉफी
खानचन्द चाहते हैं कि टी-20 वर्ल्ड कप की ट्राफी उनका बेटा रिंकू सिंह लाए। पिछले महीने डीपीएस में यह ट्रॉफी प्रदर्शित की गई। तब कार्यक्रम के दौरान रिंकू सिंह से वीडियो कॉल पर खानचन्द ने कहा भी था कि ये ट्राफी देख लो। इसे जीतकर लाना है।
ऐसे मिली सफलता
कड़ी मेहनत के बल पर रिंकू ने उत्तर प्रदेश की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों के साथ-साथ सेंट्रल जोन से खेलते हुए रणजी ट्रॉफी तक का सफर तय किया। इस बीच ऐसे भी हालात बने कि रिंकू को कभी झाड़ू-पोछा तक लगाने का विचार करना पड़ा। पिता के संघर्ष और भावनात्मक सहयोग से वर्ष 2017 में उन्होंने आईपीएल में कदम रखा और फिर 2018 में वह कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ गए।
रिंकू सिंह पर लगा था तीन महीने का प्रतिबंध
वर्ष 2019 में बिना अनुमति विदेशी टी-20 टूर्नामेंट खेलने जाने पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उन पर तीन महीने का प्रतिबंध लगाया, लेकिन पिता ने उनका साहस बढ़ाया। उन्होंने जोरदार वापसी कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके बाद भारतीय टी 20 टीम में जगह बनाई। आज जब उनके पिता की तबीयत खराब है, तब रिंकू का संघर्ष, पारिवारिक जुड़ाव और मैदान पर उनका जज्बा लोगों को भावुक कर रहा है और प्रेरित भी। हर कोई पिता के स्वस्थ होने के लिए शुभकामनाएं कर रहा है।
जून में शादी, तैयारी कर रहे स्वजन
क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर की प्रिया सरोज की शादी जून में होनी है। इसके लिए स्वजन तैयारी में लगे हैं। दोनों की सगाई पिछले वर्ष आठ जून को लखनऊ के एक होटल में पारिवारिक और करीबी लोगों की मौजूदगी में हुई थी। इससे पहले 18 नवंबर 2025 को शादी की तारीख तय हुई थी, लेकिन आईपीएल और अन्य क्रिकेट व्यस्तताओं के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।
शादी के लिए मार्च में तय की थीं तैयारियां
पिछले दिनों पिता खेमचन्द और मां बीना देवी ने बताया था कि रिंकू की शादी के लिए नौ और 12 मार्च की तिथियां तय की गई थीं और इसकी तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट व्यस्तताओं के चलते विवाह को टालना पड़ा। टी-20 वर्ल्डकप के बाद जून में शादी कराई जाएगी। विवाह समारोह वाराणसी में आयोजित किया जाएगा।