राजस्थान में प्री-मानसून का असर: कहीं राहत तो कहीं आंधी-बारिश का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Impact of pre-monsoon in Rajasthan: Relief in some areas

Impact of pre-monsoon in Rajasthan

Impact of pre-monsoon in Rajasthan: राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश ने कहीं राहत दी तो कहीं अंधड़ से परेशान भी हुई. गुरुवार (4 जून) शाम से प्रदेश के कई जिलों में शुरू हुआ बरसात का दौर अगले दिन भी जारी रहा. पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक वर्षा बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में 75 मिमी दर्ज की गई है. अगले 2 दिन भी मौसम कुछ ऐसा ही रहने वाला है. शनिवार (6 जून) के लिए भी प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट है. आज 30 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में अलर्ट

बीते कुछ दिनों से पारा भी नीचे आ गया है. सर्वाधिक तापमान जैसलमेर में 42.1 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि अधिकांश जिलों में तापमान 40 से कम ही रहा. जयपुर में पारा 7.2 डिग्री लुढ़ककर 34 डिग्री पहुंच गया. मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार (7 जून) को जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों में कही-कहीं वर्षा होने की संभावना है. सोमवार (8 जून) को भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. 

अगले 2-3 दिन आंधी-बारिश की संभावना

राज्य के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी 2-3 दिनों तक प्रदेश के कुछ भागों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. इसके बाद पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और मेघगर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. फिर 8 जून से आंधी-बारिश का दौर थमने वाला है. 

46 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

इसके साथ ही तापमान भी 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है. यानी 8 जून के बाद गर्मी से मिली राहत खत्म होने वाली है और एक बार फिर हिटवेव की चेतावनी है. पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 से 11 जून के बीच कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है. कहीं-कहीं लू चलने की भी संभावना है.