राजस्थान न्यूज़: जयपुर में ‘सूर्यकिरण शो’ और प्रमुख घटनाओं का अपडेट
Rajasthan News: Updates on Suryakiran Show
Rajasthan News : आज जयपुर का आसमान वायुसेना की दहाड़ से गूंजेगा. जलमहल पर आयोजित ‘सूर्यकिरण शो’ में जेट फाइटर्स और 5 सारंग हेलीकॉप्टर हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे. सारंग हेलीकॉप्टर आसमान में रंगों से तिरंगा बनाएंगे. इस भव्य शो का फाइनल 22 फरवरी को होगा. सूर्यकिरण टीम ने अधिक से अधिक लोगों से शो देखने पहुँचने की अपील की है.
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज अपने गृह नगर जोधपुर के प्रवास पर रहेंगे. वे आज सुबह 10:30 बजे जयपुर से रवाना होकर 11:35 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. जहाँ से उनका सीधे सर्किट हाउस जाने का कार्यक्रम है. अपने इस दौरे के दौरान गहलोत विभिन्न सामाजिक सरोकारों में हिस्सा लेंगे और आज शाम 4:30 बजे एसएलबीएस (SLBS) न्यू कैंपस परिसर का विधिवत उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही वे वहां शिक्षाविद जितेंद्र गोदारा की मूर्ति का अनावरण भी करेंगे. गहलोत का आज रात्रि विश्राम जोधपुर में ही रहेगा और वे अगले दिन सुबह 9:10 बजे वापस जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे.
बीकानेर: चेन लूट मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
नोखा पुलिस ने पंचारिया चौक क्षेत्र में 12 फरवरी को हुई दिनदहाड़े चेन लूट के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस टीम ने पूर्व में गिरफ्तार दिनेश सोनी के बाद अब दूसरे आरोपी भवानीशंकर सोनी को भी पकड़ लिया है. बाइक सवार इन बदमाशों ने एक महिला के गले से करीब 5 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन लूटी थी. पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है.
बीकानेर: पैरोल से नहीं लौटा बंदी, मामला दर्ज
बीकानेर के केंद्रीय कारागृह से पैरोल पर गया बंदी सलाम उर्फ छोटिया तय समय सीमा के भीतर वापस नहीं लौटा. उसे 17 फरवरी को कारागृह पहुंचना था. कारागृह प्रहरी बाबूलाल की शिकायत पर बीछवाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बंदी की तलाश शुरू कर दी है.
चूरू: नेशनल हाईवे-11 पर भीषण सड़क हादसा
रतनगढ़ के पास गांव बीरमसर में दो कारों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. इस हादसे में वृद्ध दंपत्ति सहित कुल 6 लोग घायल हुए हैं. घायलों में बीकानेर और तारानगर के निवासी शामिल हैं. टोल प्लाजा कर्मियों की मदद से उन्हें रतनगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां से 3 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
फलोदी: देर रात बजते डीजे और स्टंट से आमजन परेशान
फलोदी शहर में डीजे संचालकों की हठधर्मिता और खतरनाक स्टंट से नागरिक परेशान हैं. देर रात 1 बजे तक बजने वाले डीजे की कंपन से शहर की पुरानी जर्जर हवेलियों को खतरा पैदा हो गया है. इसके अलावा. परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और दिल के मरीजों को भी भारी परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों ने जिला कलेक्टर से इन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
जयपुर ग्रामीण: अवैध बजरी परिवहन पर कार्रवाई
जमवारामगढ़ में अवैध खनन के खिलाफ आंधी थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस ने अवैध बजरी ले जाते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक रामदयाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है.
जालौर: भारतमाला हाईवे पर सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत
बागोड़ा के पास भारतमाला हाईवे पर बीती रात एक दर्दनाक हादसा हुआ. पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी. जिससे बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक भालनी गांव के रहने वाले थे और बागोड़ा से अपने घर जा रहे थे. पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है.
जोधपुर: बजरी माफियाओं ने पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर
जोधपुर के लूणी थाना क्षेत्र में बजरी माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी को ही टक्कर मार दी. इस घटना में उप निरीक्षक गोविंद राम सहित पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं. नाकाबंदी के दौरान भागते हुए एक डंपर पलट गया. पुलिस ने दो डंपर और एक एस्कॉर्ट गाड़ी जब्त की है.
अलवर: रोडवेज बस से 30 लाख के जेवर चोरी
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक परिवार के साथ रोडवेज बस में बड़ी चोरी की वारदात हुई. पीड़ित पंकज ने पुलिस को रिपोर्ट दी है कि उनके बैग से करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं. पीड़ित ने बस में चढ़ी दो संदिग्ध महिलाओं पर शक जताया है. पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है.
जयपुर: 10 साल से फरार इनामी तस्कर गिरफ्तार
जयपुर पुलिस की ANTF टीम को बड़ी सफलता मिली है. आईजी विकास कुमार के निर्देशन में ‘ऑपरेशन थर्ड चैप्टर’ चलाकर 10 साल से फरार चल रहे 25,000 के इनामी बदमाश मोहम्मद इमरान को चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया गया है. तस्कर लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था.
.पिंडवाड़ा (सिरोही): 80 लाख का डोडा पोस्त बरामद
जोधपुर आईजी रेंज की स्पेशल टीम ने पिंडवाड़ा में नाकाबंदी के दौरान डंपर में गुप्त केबिन बनाकर ले जाया जा रहा 774 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है. इसकी बाजार कीमत 80 लाख रुपये है. पुलिस ने सरकारी अध्यापक और निलंबित ग्राम सेवक सहित 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद पिंडवाड़ा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
अजमेर: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से व्यवस्था बेपटरी
अजमेर नगर निगम में वेतन न मिलने और अन्य मांगों को लेकर अस्थाई सफाई कर्मचारियों ने चक्काजाम कर दिया है. हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. विधानसभा अध्यक्ष ने भी अधिकारियों को जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल सफाई का जिम्मा स्थाई कर्मचारियों के भरोसे है.
अजमेर: पूर्व पार्षद का पुत्र गिरफ्तार
दरगाह थाना पुलिस ने पूर्व पार्षद के बेटे और ब्लॉक अध्यक्ष वाहिद मोहम्मद को जोधपुर से गिरफ्तार किया है. आरोपी पर वार्ड नंबर 4 की तत्कालीन महिला पार्षद के साथ मारपीट करने का आरोप है. न्यायालय में पेशी के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है.
सिरोही: तस्कर को 15 साल की कठोर सजा
एनडीपीएस कोर्ट सिरोही की विशिष्ट न्यायाधीश रूपा गुप्ता ने बड़ा फैसला सुनाते हुए तस्कर फरसाराम को 15 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. साथ ही 2 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है. दोषी को 2015 में 640 किलो डोडा पोस्त और अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया था.
अजमेर: संदिग्ध अवस्था में युवक ने की आत्महत्या
अजमेर के गंज थाना क्षेत्र में कानपुर निवासी मोहम्मद इश्तियाक का शव कमरे में लटका मिला. युवक अपने दोस्तों के साथ फुटपाथ पर बर्तन बेचने का काम करता था. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
डीग: बारात में करंट लगने से 5 बच्चे झुलसे
डीग जिले के नियामतपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहाँ बारात में डीजे के ऊपर बैठे 5 बच्चे 11 KV की विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायल बच्चों को गंभीर हालत में इलाज के लिए अलवर रेफर किया गया है.