हरियाणा के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट: 4 अक्टूबर से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, गिरेगा तापमान
- By Gaurav --
- Thursday, 02 Oct, 2025

Rain alert in 12 districts of Haryana:
Rain alert in 12 districts of Haryana: हरियाणा के 12 जिलों में आज (2 अक्टूबर) और कल (3 अक्टूबर) बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल और फरीदाबाद शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल 1 से 4 अक्टूबर तक मौसम सामान्य बना रहेगा।
राज्य में 4 अक्टूबर से एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से हरियाणा में बारिश की संभावना है। 5 अक्टूबर को यह पश्चिमी विक्षोभ पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा और इसका असर 7 अक्टूबर तक रहने का अनुमान है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 7 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू हो जाएंगी। इससे वर्तमान में 35 से 36 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ तापमान गिरना शुरू हो जाएगा। हालांकि, पूरी तरह से ठंड आने में दिवाली तक का इंतजार करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 4 अक्टूबर को सिरसा और फतेहाबाद को छोड़कर पूरे हरियाणा में बारिश का अनुमान है। वहीं, 5 अक्टूबर को पूरे हरियाणा में बारिश होगी। इस दौरान यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
वर्तमान तापमान की बात करें तो हरियाणा में सिरसा में अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है, जबकि पानीपत में न्यूनतम 31.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पानीपत में सिरसा के मुकाबले 4 डिग्री सेल्सियस तापमान का अंतर देखा गया।