जेल से बाहर आए पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया; 7 महीनों बाद रिहाई, ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थक स्वागत में जुटे, मिठाई बंट रही

Bikram Singh Majithia Release From Nabha Jail Breaking News

Bikram Singh Majithia Release From Nabha Jail Breaking News

Bikram Singh Majithia: सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया आज (3 फरवरी) को जेल से बाहर आ गए हैं। हालांकि मजीठिया के जेल से बाहर आने में थोड़ा समय लग गया। वजह जेल प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई रही। क्योंकि इससे पहले मजीठिया की पत्नी गनीव कौर मजीठिया ने सोमवार शाम को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट डालकर यह जानकारी दी थी कि बिक्रम मजीठिया सुबह साढ़े 10 बजे जेल से बाहर आएंगे। बता दें कि पत्नी गनीव कौर मजीठिया खुद बिक्रम मजीठिया को रिसीव करने जेल के बाहर पहुंची हुईं थीं।

वहीं बिक्रम मजीठिया और अकाली दल के बड़ी तादाद में समर्थक भी जेल के बाहर स्वागत के लिए जुटे रहे। इस दौरान बिक्रम मजीठिया के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी हुई। वहीं दूसरी ओर मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास पर भी ढ़ोल-नगाड़ों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक जुटे हुए हैं और बिक्रम मजीठिया का स्वागत कर रहे हैं। मिठाई से एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया जा रहा है। इससे पहले कल जमानत मिलने पर समर्थको ने अमृतसर स्थित आवास के बाहर आतिशबाज़ी की थी. अकाली दल और समर्थकों का कहना है कि न्याय की जीत हुई है। बिक्रम मजीठिया को जमानत मिलने पर अकाली दल ने सरकार पर कड़ा हमला बोला है।

ज्ञात रहे कि एक दिन पहले ही (2 फरवरी) को सुप्रीम कोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी राहत देते हुए बिक्रम मजीठिया को जमानत दे दी थी। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने जमानत देते हुए बिक्रम मजीठिया पर अपनी तरफ से कोई शर्तें तय नहीं कीं। कोर्ट ने दूसरे पक्ष को ट्रायल कोर्ट जाकर बिक्रम मजीठिया पर जमानत पर रहने के दौरान ज़रूरत के हिसाब से सख्त शर्तें तय करने की मांग करने को कहा था। इससे पहले मजीठिया ने जमानत के लिए मोहाली कोर्ट और पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था लेकिन दोनों ही जगह से उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद मजीठिया ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

जेल से बाहर आने के बाद मजीठिया की पहली तस्वीर

Bikram Singh Majithia

7 महीनों से पटियाला की नाभा जेल में बंद

बिक्रम सिंह मजीठिया पिछले 7 महीनों से पटियाला की नाभा जेल में बंद थे। ज्ञात रहे कि 25 जून 2025 को पंजाब विजिलेन्स की टीम ने अमृतसर स्थित मजीठिया के आवास पर छापेमारी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी आय से अधिक संपत्ति मामले में की गई थी। बता दें कि अमृतसर स्थित मजीठिया के आवास पर छापेमारी के साथ चंडीगढ़ स्थित आवास पर ही पंजाब विजिलेन्स की टीम पहुंची हुई थी। इस दौरान अंदर बढ़ने को लेकर काफी बवाल हुआ था। आरोप है कि बिक्रम मजीठिया ने नशे के कारोबार के जरिये 500 करोड़ से अधिक की अवैध सम्पत्ति जुटाई।

मजीठिया की बेल पर AAP का बड़ा बयान

बिक्रम सिंह मजीठिया को जमानत मिलने के बाद जहां एक तरफ अकाली दल और तमाम समर्थकों में खुशी का माहौल है और न्याय की जीत होने की बात कही जा रही है। वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने बिक्रम मजीठिया को जमानत मिलने पर बड़ा बयान दिया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता हरपाल चीमा ने कहा है कि बेल मिलने से कोई बरी और बेकसूर नहीं हो जाता है। चीमा ने कहा कि मजीठिया के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं और उक्त मामले में कार्रवाई अभी चल रही है। मजीठिया के खिलाफ केस चलता रहेगा।