पंजाब निकाय चुनाव में AAP 900 सीटों के पार; कांग्रेस दूसरे नंबर पर, निर्दलीयों ने अकाली दल और बीजेपी का पीछे छोड़ा
Punjab Nikay Chunav Result 2026 LIVE Vote Counting Underway
Punjab Nikay Chunav Result 2026: पंजाब निकाय चुनाव 2026 के नतीजे शुक्रवार (29 मई) को घोषित किए जा रहे हैं। मोहाली समेत 8 नगर निगमों, 75 नगर काउंसिल और 20 नगर पंचायतों के लिए पड़े वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। अब तक जो तस्वीर सामने आई है, उसमें सत्ताधारी आम आदमी पार्टी सबसे आगे है और जबरदस्त प्रदर्शन करती दिखी है। नतीजों में AAP का तूफानी जलवा देखने को मिल रहा है.
आम आदमी पार्टी अब तक स्थानीय निकायों की कुल 1977 सीटों में से 900 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल कर नतीजों में सबसे आगे बनी हुई है। वहीं कांग्रेस का प्रदर्शन दूसरे नंबर पर है। कांग्रेस अब तक 360 के करीब सीटें जीत पाई है और उसकी निर्दलीयों से फाइट देखने को मिल रही है। आप ने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के गढ़ में भी बड़ी सेंधमारी की है। गिद्दड़बाहा नगर परिषद के 19 में से 17 वार्डो में आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की। गिद्दड़बाहा क्षेत्र राजा वड़िंग का पक्का गढ़ माना जाता है और वह यहां से लगातार तीन बार विधायक रहे हैं। आप की सेंध कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका है।
आजाद उम्मीदवारों ने सबको चौंकाया
पंजाब निकाय चुनाव में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि नतीजों में आजाद उम्मीदवार कमाल करते नजर आए हैं। 245 से ज्यादा सीटों पर आजाद उम्मीदवारों ने अपना परचम लहराया है। बीच में कई बार तो स्थिति ऐसी बनी आजाद उम्मीदवारों ने कांग्रेस, अकाली और बीजेपी तीनों को एक साथ पीछे छोड़ दिया। AAP के बाद आजाद उम्मीदवार दूसरे नंबर की लड़ाई लड़ते देखे गए। बता दें कि शिरोमणि अकाली दल को अब तक 189 सीटों पर विजय मिली है। जबकि बीजेपी की हालत सबसे खराब है और वह अकाली दल से भी पीछे रहते हुए अब तक 167 सीटों पर जीत हासिल कर पाई है।
AAP का दबदबा कायम
मसलन आम आदमी पार्टी की राज्य में लहर अभी भी बरकरार है और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आप के लिए यह एक अच्छा संकेत है। आम आदमी पार्टी ने पहले ही निकाय चुनाव में बम्पर जीत का दावा किया था। नतीजों के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं-कार्यकताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। ढ़ोल-नगाड़े बजने शुरू हो गए हैं। जीत की खुशी में आप कार्यकर्ता डांस करते हुए एक-दूसरे के साथ गुलाल-अबीर की होली खेलते हुए देखे जा रहे हैं। इस बड़ी जीत पर पंजाब AAP प्रभारी मनीष सिसोदिया और मंत्री हरपाल चीमा भी थिरकते नजर आए।
26 मई को कराई गई थी वोटिंग
गौरतलब है कि पंजाब में 26 मई को आठ नगर निगमों- मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट के साथ 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के लिए मतपत्र (बैलेट पेपर) के माध्यम से वोटिंग कराई गई थी। बता दें कि पंजाब निकाय चुनाव के नतीजों को प्रदेश की सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। क्योंकि पंजाब में अगले साल 2027 फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव है, ऐसे में निकाय चुनाव के नतीजे किसी भी पार्टी के लिए बेहद अहम हैं और उसका भविष्य तय करने वाले हैं।