Punjab Internet Suspended News: पंजाब में इंटरनेट की बंदिश पर नया आदेश; अब सिर्फ इन जिलों में बंद रहेगा

पंजाब में इंटरनेट की बंदिश पर नया आदेश; अब सिर्फ इन जिलों में बंद रहेगा, मोहाली के कुछ हिस्से शामिल

Punjab Internet Suspended News Today Updates

Punjab Internet Suspended News

Punjab Internet Suspended News: खालिस्तान समर्थक और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख अमृतपाल के खिलाफ पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई चल रही है। इस बीच अफवाहों को रोकने के लिए पंजाब में इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है। 18 मार्च से पूरे पंजाब में इंटरनेट बंद चल रहा है। लेकिन अब पंजाब सरकार के नए आदेश के मुताबिक, राज्य के कुछ ही जिलों में इंटरनेट सर्विस को बंद रखा जाएगा।

इंटरनेट की बंदिश पर पंजाब सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, तरनतारन, फिरोजपुर, मोगा, संगरूर, अमृतसर के अजनाला सब-डिवीजन और मोहाली के वाईपीएस चौक और एयरपोर्ट रोड के क्षेत्र में इंटरनेट 23 मार्च दोपहर 12:00 बजे तक बंद रहेगा। आदेश के मुताबिक, सभी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, सभी एसएमएस सेवाएं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और वॉयस कॉल को छोड़कर मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली सभी डोंगल सेवाएं निलंबित रहेंगी।

Punjab Internet Suspended News
Punjab Internet Suspended News

21 मार्च दोपहर 12 बजे तक पूरे पंजाब में इंटरनेट बंद

फिलहाल, पिछले आदेश के मुताबिक राज्य में इंटरनेट सेवाएं आज दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगी। जबकि ताजे आदेश के तहत जहां-जहां से इंटरनेट पर लगी बंदिशें हटाई गईं हैं। वहां 12 बजे के बाद इंटरनेट चालू हो जाएगा।

अमृतपाल के खिलाफ कार्रवाई में अबतक क्या-क्या हुआ?

पंजाब पुलिस के IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अमृतपाल और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के खिलाफ अब तक हुई कार्रवाई की पूरी जानकारी दी थी। IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने बताया था कि, अमृतपाल और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के खिलाफ कार्रवाई में अब तक 114 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। जिनमें 5 लोगों पर NSA भी लगाया गया है। ये पांचों अमृतपाल के काफी करीबी हैं। इसके अलावा हत्या की कोशिश, पुलिस पर हमला, पुलिस के काम में दखल, शांति बिगाड़ने और आर्म्स एक्ट के मामलों में 6 FIR दर्ज हुईं हैं। वहीं गिल ने बताया कि, गिरफ्तार पांच लोग पंजाब से असम भेजे गए हैं। इन पांचों को असम के डिब्रूगढ़ में रखा गया है।

अमृतपाल पर NSA लगाया जा सकता है

वहीं आईजी गिल ने कहा कि, अमृतपाल पर भी NSA लगाया जा सकता है। लेकिन अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई में ही वह इसकी स्पष्ट जानकारी दे पाएंगे। आईजी गिल ने कहा कि, गिरफ्तार हुए लोगों में एक-एक व्यक्ति के खिलाफ तथ्यों का आकलन करने के बाद NSA लगाने की कार्रवाई की जा रही है।

विदेशी फंडिंग हो रही थी, ISI कनेक्शन की जांच

IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि, इस कार्रवाई में अब तक सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आईएसआई का एंगल भी सामने आ रहा है। अमृतपाल और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन को विदेशी फंडिंग हो रही थी।

गिल ने कहा कि,ISI कनेक्शन और विदेशी फंडिंग की बड़े पैमाने पर जांच चल रही है। साथ ही इनके पास जो गाड़ियां हैं। उनके भी सोर्स का पता लगाया जा रहा है कि ये कहां से आईं? आईजी गिल ने बताया कि, पुलिस ने कार्रवाई में अबतक 4 गाड़ियां जब्त की हैं।

अमृतपाल AKF फौज बना रहा था

आईजी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि, अमृतपाल AKF फौज बना रहा था। AKF का पूरा नाम  'आनंदपुर खालसा फोर्स' है। पुलिस को उसके घर और उसके साथियों से बरामद हथियारों पर AKF लिखा मिला है। साथ ही बुलेटप्रूफ जैकेट भी बरामद हुई हैं। आईजी गिल ने जानकारी दी कि, अमृतपाल के खिलाफ कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं।

अमृतपाल गिरफ्तार नहीं हुआ है, गलत खबर न फैलाएं

IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने खासतौर पर यह अपील बार-बार की कि अमृतपाल के गिरफ्तार होने संबंधी खबर न फैलाएं और न ही अमृतपाल को लेकर और कोई अफवाह चलाएं। आईजी गिल ने कहा कि, 'वारिस पंजाब दे' का प्रमुख अमृतपाल सिंह अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

वहीं गिल ने कहा कि, पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बीच राज्य में शांति है, स्थिति स्थिर है, कानून-व्यवस्था नहीं बिगड़ी है। पंजाब के सभी जिलों में पुलिस फ्लैग मार्च निकाल रही है। पंजाब पुलिस किसी भी हाल में राज्य में शांति और सौहार्द को खराब नहीं होने देगी।

पंजाब में हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी

बतादें कि, खालिस्तान समर्थक अमृतपाल पर कार्रवाई के मद्देनजर पंजाब में हाई अलर्ट है। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात है। वहीं अमृतपाल पर कार्रवाई का असर चंडीगढ़ और हरियाणा तक भी है। चंडीगढ़ और हरियाणा की सीमाओं पर सख्ती देखी जा रही है।