मोहाली में बनेगा अत्याधुनिक वृद्धाश्रम, बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा के लिए मान सरकार का बड़ा कदम
- By Gaurav --
- Tuesday, 07 Jul, 2026
Punjab Govt to Build Modern Senior Citizen Home in Mohali, 2.92 Acres Allotted
पंजाब सरकार ने बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एस.ए.एस. नगर (मोहाली) में आधुनिक वृद्धाश्रम (सीनियर सिटिजन होम) के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि इस सरकारी वृद्धाश्रम के लिए गमाडा ने सेक्टर-78 में 2.92 एकड़ भूमि आवंटित कर दी है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार बुजुर्गों के कल्याण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी देखभाल करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक इमारत नहीं, बल्कि बेसहारा और जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए ऐसा सुरक्षित आश्रय होगी, जहां उन्हें परिवार जैसा माहौल, सम्मान और अपनापन मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि राज्य का कोई भी बुजुर्ग अकेलेपन या असहायता का सामना न करे।
उन्होंने बताया कि परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए गमाडा के एस्टेट अधिकारी को पत्र जारी कर साइट का भौतिक कब्जा जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, मोहाली को शीघ्र सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके।