Punjab BJP Leader Joins AAP- पंजाब में बीजेपी को झटका; अब इस नेता ने AAP का दामन थामा, CM मान ने खुद जॉइन कराई पार्टी

पंजाब में BJP को झटका; अब इस नेता ने AAP का दामन थामा, CM मान ने खुद जॉइन कराई पार्टी, इस नाराजगी के चलते छोड़ी भाजपा

Punjab Robin Sampla Joins AAP

Punjab BJP Leader Robin Sampla Joins AAP In Presence CM Bhagwant Mann

Punjab BJP Leader Joins AAP: लोकसभा चुनाव-2024 के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है लेकिन इस बीच भी नेता अपना पाला बदलने से पीछे नहीं हट रहे हैं। लगातार नेताओं का दूसरी पार्टी में जाना जारी है। जहां इसी कड़ी में अब पंजाब में बीजेपी को झटका लगा है। यहां जालंधर के चर्चित नेता और बीजेपी एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष रॉबिन सांपला ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। अहम बात यह है कि, चंडीगढ़ में खुद सीएम भगवंत मान ने रॉबिन सांपला की आप में जॉइनिंग कराई। इस दौरान जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा की भी मौके पर मौजूदगी रही।

इस नाराजगी के चलते छोड़ी भाजपा

आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद रॉबिन सांपला ने कहा कि, पंजाब में आप बहुत अच्छा काम कर रही है। यह पार्टी कार्यकर्ताओं और गरीबों व दलितों की पार्टी है। लेकिन दूसरी तरफ बीजेपी में सालों-साल रहने के बावजूद कार्यकर्ताओं की कोई कदर नहीं है। जबकि आम आदमी पार्टी हर इंसान और हर वर्ग की सुनवाई कर रही है। इसीलिए मैंने बीजेपी को अलविदा कह दिया है और आप में शामिल हो गया हूं। अब मैं आम आदमी पार्टी में पूरी ज़िम्मेदारी के साथ काम करूंगा और मेरी यह कोशिश रहेगी कि हमारी पार्टी पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करे.

यह नाराजगी भी बताई जा रही

सूत्रों के मुताबिक, रॉबिन सांपला जालंधर से लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू को पार्टी में शामिल करने और उन्हें टिकट देने से बीजेपी से नाराज थे। बताया जा रहा है कि रॉबिन सांपला को लोकसभा चुनाव के लिए जालंधर से बीजेपी टिकट के दावेदारों में से एक माना जा रहा था, लेकिन रिंकू को टिकट मिलने के बाद से उनका पत्ता साफ हो गया। इसी वजह से आज वह चंडीगढ़ में सीएम भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।

पंजाब में AAP के सभी उम्मीदवार घोषित

ज्ञात रहे कि, पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने कुल 13 लोकसभा सीटों के लिए अपने सभी उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। आप ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग को आनंदपुर साहिब से उम्मीदवार बनाया है। वहीं होशियारपुर से आम आदमी पार्टी ने डॉ राजकुमार चब्बेवाल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को संगरूर संसदीय क्षेत्र से आप का उम्मीदवार बनाया गया है।

वहीं अन्य कैबिनेट मंत्रियों में कुलदीप सिंह धालीवाल को अमृतसर से, डॉ. बलबीर सिंह को पटियाला से, गुरुमीत सिंह खुदियां को बठिंडा से और लालजीत सिंह भुल्लर को खडूर साहिब से मैदान में उतारा गया है। वहीं हाल ही में आप में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस विधायक गुरपीत सिंह जीपी को फतेहगढ़ साहिब से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा पंजाबी अभिनेता करमजीत अनमोल फरीदकोट से पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। इसी प्रकार आप ने फिरोजपुर से जगदीप सिंह काका, गुरदासपुर से अमनशेर सिंह, जालंधर से पवन कुमार टीनु और लुधियाना से अशोक प्राशर को उम्मीदवार बनाया है।

पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटें AAP की होंगी

सीएम भगवंत मान का दावा है कि, पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटें AAP की होंगी। इस लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के सामने कोई पार्टी नहीं टिकने वाली। इसलिए 13-0 का मुक़ाबला है। मालूम रहे कि, आम आदमी पार्टी ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड बहुमत हासिल किया था। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से आप के खाते में 92 सीटें गईं थीं।