PSEB का बड़ा फैसला: 2026-27 से ऑनलाइन पोर्टल और ऐप के जरिए सीधे मिलेंगी किताबें
- By Gaurav --
- Saturday, 02 May, 2026
PSEB to Provide Books
पंजाब में स्कूल शिक्षा प्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में Punjab School Education Board (PSEB) ने बड़ा कदम उठाया है। 2026-27 शैक्षणिक सत्र से पहली से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को किताबें सीधे बोर्ड के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस नई व्यवस्था के तहत एक डेडिकेटेड ई-कॉमर्स पोर्टल और मोबाइल ऐप तैयार किया गया है, जिसके जरिए विद्यार्थी और अभिभावक घर बैठे किताबों का ऑर्डर कर सकेंगे। स्कूलों को भी कक्षा और विषय के अनुसार अपनी मांग ऑनलाइन अपलोड करनी होगी।
हर विद्यार्थी को अलग लॉग-इन क्रेडेंशियल दिया जाएगा, जिससे अभिभावक ऑर्डर की पूरी प्रक्रिया पर नजर रख सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बिचौलियों की भूमिका खत्म करना, लागत कम करना और समय पर किताबों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
बोर्ड के चेयरमैन Amar Pal Singh ने बताया कि पोर्टल को सुरक्षित ऑनलाइन पेमेंट गेटवे से जोड़ा गया है, जिससे सभी लेन-देन पारदर्शी और सुरक्षित होंगे। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि छपी कीमत से अधिक वसूली नहीं की जाएगी, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
नई प्रणाली में स्कूल केवल किताबों के वितरण के लिए जिम्मेदार होंगे और किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस नहीं ले सकेंगे। यह पहल शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल सुधार और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।