यूपी भाजपा की नई रणनीति: मंत्रिमंडल विस्तार पर 'वेट एंड वॉच'; महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी
Preparing to Launch an Offensive Against the Opposition Over Womens Reservation
लखनऊ। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक (131वां संविधान संशोधन विधेयक) के पारित नहीं होने से बदली राजनीतिक स्थितियों से भाजपा की प्राथमिकताओं में भी थोड़े बदलाव के संकेत हैं।
संगठन और शीर्ष नेतृत्व के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रही मुलाकातों के बाद जल्द ही प्रदेश संगठन के पुनर्गठन और मंत्रिमंडल में फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही थी। परंतु अब पार्टी का पहला जोर महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता के बीच अपने पक्ष में माहौल बनाने पर है।
पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद लंबे समय से प्रदेश इकाई में बदलाव और योगी मंत्रिमंडल में फेरबदल के कयास लग रहे हैं।
शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ मंथन किया था और पिछले दिनों राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी बदलाव पर चर्चा के लिए लखनऊ आए थे।
इसके बाद माना जा रहा था कि मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही प्रदेश भाजपा की नई टीम की गठन की तैयारी पूरी हो गई है। हालांकि, अब पार्टी इससे पहले महिला आरक्षण के मुद्दे पर बड़ी मुहिम छेड़ने जा रही है।
इस मुद्दे पर शनिवार को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मंथन किया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन सुना।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने सरकारी आवास पर महिलाओं के साथ यह संबोधन सुना। जबकि प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन ने शनिवार की रात प्रदेश भाजपा मुख्यालय में अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री को सुना।
पंकज चौधरी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन करके महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए बिल लाया गया था, सपा और कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों ने नारी शक्ति के साथ विश्वासघात करने का काम किया है। देश की माताएं-बहनें विपक्ष को माफ नही करेंगी।