कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, प्रशासन अलर्ट मोड में

कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज, प्रशासन अलर्ट मोड में

Preparations for Kanwar Yatra in full swing

Preparations for Kanwar Yatra in full swing, administration on alert mode

हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेला नियंत्रण भवन स्थित सीसीआर सभागार में मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।


जिन कार्यों का समय पर पूरा होना संभव नहीं है, उनके लिए कार्ययोजना बनाई जाए

बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा मार्ग और उससे जुड़े क्षेत्रों में चल रहे अर्धकुंभ से संबंधित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर 30 जून तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। जिन कार्यों का समय पर पूरा होना संभव नहीं है, उनके लिए ऐसी कार्ययोजना बनाई जाए जिससे कांवड़ यात्रा में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रभावित न हो।


कहीं भी असुरक्षित स्थिति उत्पन्न न हो

मेलाधिकारी सोनिका ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। साथ ही, निर्माण स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी असुरक्षित स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने घाटों और पुलों पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने के भी निर्देश दिए।

डीएम मयूर दीक्षित ने दिए निर्देश

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके अधीन सभी निर्माणाधीन सड़क कार्य दो माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने ऊर्जा निगम को बहादराबाद क्षेत्र में यातायात बाधित कर रहे पोल तत्काल हटाने और ज्वालापुर क्षेत्र में भी ऐसे अवरोधों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।

इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार जितेंद्र कुमार, एसपी (क्राइम) निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह मौजूद रहे।