भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, कई अहम बैठकों का कार्यक्रम तय

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, कई अहम बैठकों का कार्यक्रम तय

1000226864

Preparations are underway for BJP National President Nitin Naveen's

देहरादून। भाजपा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने शनिवार को कार्यक्रमों से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड आगमन पर कार्यकर्ता पारंपरिक परिधानों में उनका स्वागत करेंगे, वहीं गढ़ी बूथ के भाजपा अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पर जलपान करेंगे।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि नितिन नवीन 28 मई को शाम 4:35 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर वह शाम 6:15 बजे कोर कमेटी की बैठक लेंगे।

इसके बाद मंत्रियों के साथ उनकी बैठक होगी। दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिजनों से भेंट करेंगे।

इसके बाद राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल में विभिन्न सांगठनिक बैठकों का सिलसिला शुरू होगा।

कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे सांसदों और विधायकों के साथ बैठक होगी। दोपहर दो बजे प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी।

 

शाम चार बजे महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत प्रतिनिधियों और ब्लाक प्रमुखों के साथ बैठक प्रस्तावित है। वहीं शाम को मीडिया, इंटरनेट मीडिया, आइटी और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ अलग बैठक होगी।

दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वह बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के टपकेश्वर कालोनी स्थित आवास पर जलपान कर दुर्गामल्ल मंडल की बूथ समिति बैठक में शामिल होंगे।

इसके बाद सिंहनीवाला स्थित शिवालिक कालेज आफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में भी वह हिस्सा लेंगे। शाम 4:35 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।