पीएम मोदी करेंगे मेरठ में 'नमो भारत ट्रेन' और मेट्रो का शुभारंभ
PM Modi to inaugurate 'Namo Bharat Train
-
प्रधानमंत्री नमो भारत ट्रेन के शेष हिस्से व मेरठ मेट्रो का करेंगे शुभारंभ।
-
22 फरवरी को दिल्ली रोड पर यातायात के लिए रूट रहेगा डायवर्ट।
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नमो भारत ट्रेन के शेष हिस्से (मेरठ साउथ से मोदीपुरम व न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक के लिए) व मेरठ मेट्रो का शुभारंभ 22 फरवरी को करेंगे। उनका मेरठ साउथ स्टेशन से शताब्दीनगर स्टेशन तक ट्रेन में सफर का कार्यक्रम है।
उनके दौरे को लेकर तैयारी की जा रही है। बुधवार को एसपीजी के एडीजी एस सुरेश ने शताब्दीनगर स्टेशन से मेरठ साउथ स्टेशन तक नमो भारत में सवार होकर यात्रा भी की। एडीजी के दिल्ली लौट जाने के बाद उनकी टीम सर्किट हाउस में रुक कर प्रधानमंत्री की रैली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम करा रही है।
थ्री-डी मेप किया तैयार
एएसपी अंतरिक्ष जैन ने रैली स्थल से लेकर हेलीपैड और मेरठ साउथ स्टेशन से शताब्दीनगर स्टेशन तक का थ्री-डी मेप तैयार किया। ड्रोन से रैली स्थल और दोनों हेलीपैड की वीडियो बनाई गई। उसके बाद मेरठ साउथ से शताब्दीनगर स्टेशन तक का वीडियो ड्रोन से बनाया गया।
उक्त रास्तों को दिल्ली-हरिद्वार हाईवे और हापुड़ रोड से जोड़ा जा रहा है। सभी अफसरों को यह थ्री डी-मैप भेजा जाएगा। ताकि रैली स्थल से लेकर रैपिड स्टेशनों तक पहुंचा जा सकें। एएसपी ने बताया कि उक्त मेप को देखकर यातायात व्यवस्था भी परखी जाएगी। रैली में वेस्ट यूपी के जनपदों के लोग बस और गाड़ियों में सवार होकर पहुंचेंगे। जाम न लगे उसकी भी व्यवस्था की जा रही है।
22 को दिल्ली रोड पर होगा रूट डायवर्ट, सीसीटीवी से होगी मार्ग की निगरानी
रविवार का दिन होने की वजह से स्कूलों की छुट्टी होगी। साथ ही रोजमर्रा नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में नौकरी के लिए जाने वाले लोग भी अवकाश पर होंगे। ऐसे में दिल्ली रोड को परतापुर से लेकर शापरिक्स माल तक 22 फरवरी को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मार्ग बंद किया जाएगा।
दिल्ली से आने वाले वाहनों को मोहिउद्दीनपुर से हापुड़-मेरठ हाईवे पर निकाला दिया जाएगा। दिल्ली रोड और कार्यक्रम स्थलों को सीसीटीवी के घेरे में ले लिया गया है। विशेष कंट्रोल रूम स्थापित कर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।