PM Modi On Congress- पीएम मोदी का कांग्रेस पर जमकर हमला, राजस्थान के लोगों से कहा- कांग्रेस के पास मोदी को गाली देने का एजेंडा

मोदी को गाली दो, कांग्रेस का यही एक एजेंडा; PM मोदी ने राजस्थान के लोगों से कहा- आपने सबक भी सिखाया, फिर भी कांग्रेसी नहीं मानते

PM Modi On Congress Viksit Bharat Viksit Rajasthan Programme

PM Modi On Congress Viksit Bharat Viksit Rajasthan Programme

PM Modi On Congress: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला किया है। कांग्रेस द्वारा लगातार अपने विरोध को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस का आज एक ही एजेंडा है कि मोदी को गाली दो। जो मोदी को जितनी ज्यादा गाली दे सकता है उसे कांग्रेस उतनी ही ज़ोर से गले लगाती है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोग मोदी के विरोध में ऐसी-ऐसी बातें फैलातें हैं, जिससे समाज बंट जाये। कांग्रेस 'मोदी विरोध' और 'घोर मोदी विरोध' में इस कदर लगी हुई है कि वह मोदी के उन कामों को भी पसंद नहीं करती, जिसमें भारत का विकास तय होता है।

दरअसल, पीएम मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'विकसित भारत विकसित राजस्थान' कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पीएम मोदी ने इस दौरान राजस्थान को 17 हजार करोड़ की विभिन्न सौगातें दीं। पीएम मोदी ने राजस्थान के विकास के लिए करीब 17 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह परियोजनाएं रेल, रोड, सौर ऊर्जा, पानी और LPG जैसे विकास से जुड़ी हैं। यह परियोजनाएं राजस्थान के हजारों युवाओं को रोजगार देने वाली हैं। इस बीच पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरे में लेते हुए कहा- 2014 से पहले पूरे देश में होने वाले बड़े-बड़े घोटालों, आए दिन होने वाले बम धमाकों की चर्चा रहती थी... लोग सोचते थे कि उनका और देश का क्या होगा। कांग्रेस के राज में चारों तरफ तब यही माहौल था... लेकिन आज हम विकसित भारत, विकसित राजस्थान की बात कर रहे हैं।

मोदी को गाली दो, कांग्रेस का यही एक एजेंडा

पीएम मोदी ने राजस्थान के लोगों से कहा कि जब मोदी अपनी गारंटियां पूरी करता है तो कुछ लोगों की नींद उड़ जाती है, आप कांग्रेस की स्थिति देख रहे हैं, आपने हाल ही में कांग्रेस को सबक भी सिखाया है लेकिन कांग्रेस वाले मानते ही नहीं। आज भी कांग्रेस का एक ही एजेंडा है- मोदी को गाली दो। जो मोदी को जितनी ज्यादा गाली दे सकता है उसे कांग्रेस उतनी ही ज़ोर से गले लगाती है। पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस के लोग विकसित भारत का नाम तक नहीं लेते क्योंकि मोदी इसके लिए काम कर रहा है। कांग्रेस के लोग मेड इन इंडिया बोलने से बचते हैं क्योंकि यहाँ भी मोदी काम कर रहा है, कांग्रेस के लोग वोकल फॉर लोकल नहीं बोलते क्योंकि मोदी इसे बढ़ावा दे रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोग तब भी खुशी नहीं होते जब भारत दुनिया में 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बनता है। जब मोदी कहता है कि भारत अब दुनिया में तीसरे नंबर की आर्थिक ताकत बनेगा तो भी कांग्रेस के लोग निराश होते हैं। मतलब मोदी कुछ भी करे, कुछ भी कहे ये उसका विरोध ही करेंगे चाहे उसमें देश का नुकसान ही क्यों न हो। कांग्रेस के पास एक ही एजेंडा है- 'मोदी विरोध', घोर मोदी विरोध। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोग मोदी के विरोध में ऐसी-ऐसी बातें फैलातें हैं, जिससे समाज बंट जाये।

कांग्रेस भविष्य को नहीं भांप सकती

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के साथ एक बहुत बड़ी समस्या यह है कि वह दुर्गामी सोच के साथ सकारात्मक नीतियां नहीं बना सकती। कांग्रेस न भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई रोडमैप है। कांग्रेस की इसी सोच की वजह से भारत अपनी बिजली व्यवस्था के लिए बदनाम रहता था। पूरे देश में कई-कई घंटो तक अंधेरा हो जाता था। बिजली के अभाव में कोई भी देश विकसित नहीं हो सकता। हमने सरकार में आने के बाद देश को बिजली की चुनौतियों से निकालने पर ध्यान दिया।