नॉर्वे पहुंचे PM मोदी, 43 वर्षों के बाद पहुंचा कोई भारतीय प्रधानमंत्री, यूरोप में नये युग की होगी शुरुआत
PM Modi Arrives In Norway
ओस्लो: PM Modi Arrives In Norway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्वे की राजधानी ओस्लो पहुंच गए हैं. यहां वह नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ व्यापार, प्रौद्योगिकी और दूसरे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर बातचीत करेंगे. पीएम मोदी यूरोप के चार देशों के दौरे पर हैं. वह सोमवार को स्वीडन से यहां पहुंचे.
हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री स्टोर और इस स्कैंडिनेवियाई देश के अन्य शीर्ष नेताओं ने मोदी का स्वागत किया. प्रधानमंत्री मोदी का नॉर्वे का यह पहला दौरा है. यह 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नॉर्वे का पहला दौरा भी होगा.
"ओस्लो, नॉर्वे में उतरा. एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत के लिए मैं प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर का आभारी हूं. यह चार दशकों में नॉर्वे का पहला प्रधानमंत्री दौरा है. मुझे विश्वास है कि यह भारत-नॉर्वे की दोस्ती को और मजबूत करेगा."-पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा
यहां होटल पहुंचने पर भारतीय मूल के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों के साथ किया. पीएम मोदी का नॉर्वे दौरा खासकर हाल ही में साइन हुए यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (EFTA) एग्रीमेंट के बाद भारत और नॉर्डिक क्षेत्र के बीच भौगोलिक और आर्थिक रिश्तों को गहरा करने की दिशा में एक जरूरी कदम के तौर पर देखा जा रहा है.
अपनी दो दिन की यात्रा के दौरान, मोदी सम्राट हेराल्ड पंचम और साम्राज्ञी सोनजा से मिलेंगे और प्रधानमंत्री स्टोर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे. विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वह भारत-नॉर्वे रिश्तों में हुई प्रगति की भी समीक्षा करेंगे तथा व्यापार एवं निवेश पर ध्यान देते हुए उन्हें और मजबूत करने के रास्ते तलाशेंगे.
मोदी मंगलवार को ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि यह उनके नॉर्डिक समकक्षों से मिलने का शानदार मौका होगा. शिखर सम्मेलन में नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्री भी हिस्सा लेंगे.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह सम्मेलन अप्रैल 2018 में स्टॉकहोम और मई 2022 में कोपेनहेगन में हुए पिछले दो सम्मेलनों पर आधारित होगा, और नॉर्डिक देशों के साथ भारत के रिश्तों को और अधिक रणनीतिक आयाम प्रदान करेगा.
मंत्रालय के मुताबिक, मोदी नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे. विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि यह यात्रा द्विपक्षीय व्यापार को गति प्रदान करने का एक अवसर भी होगी जो 2024 में लगभग 2.73 अरब डॉलर था.