यूपी में अंशकालिक अनुदेशकों को मिलेगा बढ़े मानदेय का तोहफा: आज लोक भवन में सीएम योगी बांटेंगे चेक, जिलों में भी होंगे भव्य कार्यक्रम

यूपी में अंशकालिक अनुदेशकों को मिलेगा बढ़े मानदेय का तोहफा: आज लोक भवन में सीएम योगी बांटेंगे चेक, जिलों में भी होंगे भव्य कार्यक्रम

1000221102

Part-time instructors in UP will receive the gift of increased honorarium

लखनऊ। प्रदेश के अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिलने जा रहा है। सरकार की ओर से अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और बढ़े हुए मानदेय का वितरण करने के लिए रविवार को राजधानी लखनऊ सहित सभी जिलों में समारोह आयोजित किए जाएंगे।

राजधानी स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय आयोजन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों अनुदेशकों को सम्मान और मानदेय वितरण किया जाएगा। वहीं जिलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अनुदेशकों को सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पूर्व में अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा की थी, जिसके बाद इसका शासनादेश भी जारी हो चुका है और बढ़ा हुआ मानदेय एक अप्रैल से लागू हो चुका है। इसके तहत ही उनको बढ़ोतरी के बाद प्रदेश भर में प्रतीकात्मक चेक के माध्यम से उनको पहले मानदेय का वितरण किया जाएगा।

इस संबंध में अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम के समानांतर सभी जिलों में भी भव्य आयोजन सुनिश्चित किए जाएं।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारियों की सहभागिता रहेगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के समापन के बाद जिलों में जनप्रतिनिधियों द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए जाएंगे।