अगले 1 महीने के अंदर हरियाणा के गांव-गांव में बदलाव यात्रा निकलेगी : अरविंद केजरीवाल

अगले 1 महीने के अंदर हरियाणा के गांव-गांव में बदलाव यात्रा निकलेगी : अरविंद केजरीवाल

Haryana Election 2023

Haryana Election 2023

दिसंबर के महीने में लगभग सवा लाख पदाधिकारी का शपथ ग्रहण कराया जाएगा : अरविंद केजरीवाल

आज कांग्रेस और भाजपा के पास भी इतना बड़ा संगठन नहीं है जितना आम आदमी पार्टी के पास : अरविंद केजरीवाल

दिल्ली और पंजाब के बाद तीसरी आम आदमी पार्टी की सरकार हरियाणा में बनेगी : अरविंद केजरीवाल

प्रधानमंत्री मोदी एक दोस्त लिए काम कर रहे, असल में वो दोस्त ही देश चला रहा : अरविंद केजरीवाल

भाजपा में भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को संरक्षण मिलेता है : अरविंद केजरीवाल

भ्रष्टाचारी वो नहीं जिसको ईडी पकड़कर जेल में डाल दे, भ्रष्टाचारी वो है जो ईडी के डर से भाजपा में चला जाए : अरविंद केजरीवाल

रोहतक/चंडीगढ़ 5 नवंबरHaryana Election 2023: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को रोहतक के पुराना आईटीआई ग्राउंड में आयोजित कार्यकर्ता शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे। इस दौरान प्रदेश भर से राज्य, लोकसभा, विधानसभा, ब्लॉक स्तर और सर्किल स्तर के पदाधिकारियों के साथ नवनियुक्त 6500 वार्ड प्रधान और ग्राम सचिव पहुंचे। लगभग 11000 हजार से ज्यादा पदाधिकारी शपथ ग्रहण में शामिल हुए। इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा, प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, राष्ट्रीय ज्वाइंट सेक्रेटरी मंत्री निर्मल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सैनी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने खट्टर सरकार को जमकर कोसा। परिवर्तन का संकल्प ले, भारत माता की जय, इंकलाब जिंदाबाद के नारों से पंडाल गूंज गया।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा के कोने कोने से आए पदाधिकारियों को सम्मान देकर भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा दो महीने पहले हरियाणा के कोने कोने से आए 1100 पदाधिकारियों को शपथ दिलाई थी और आज दो महीने के अंदर ही दस गुना 11000 पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जा रही है। इसमें 6237 गांव और 1617 वार्ड, लगभग 7800 यूनिट के हर गांव और हर वार्ड से एक एक पदाधिकारी आया हुआ है। इससे पता चलता है कि आम आदमी पार्टी का संगठन हर वार्ड और गांव में पहुंच चुका है। हर गांव और वार्ड में 20-20 लोगों की कमेटी बन चुकी है। अगले एक महीने के अंदर इन सभी कमेटियों की ट्रेनिंग होगी। हरियाणा के गांव-गांव में बदलाव पदयात्रा निकाली जाएगी और एक महीने के बाद जो 20-20 लोगों की कमेटी बनी है, लगभग सवा लाख पदाधिकारियों का दिसंबर में शपथ ग्रहण करवाया जाएगा। जिस पार्टी के इतने पदाधिकारी हो उसको कोई नहीं हरा सकता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के पास भी इतना बड़ा संगठन नहीं है जितना आम आदमी पार्टी के पास है। मुझे लगता है भाजपा और कांग्रेस के पास आम आदमी पार्टी के संगठन का 10वां हिस्सा भी नहीं। उन्होंने कहा कि संगठन हवा में नहीं बनता, संगठन तब बनता है जब लोगों को उस संगठन और पार्टी से उम्मीद होती है। यदि कांग्रेसी और भाजपा वाले गांव गांव जाएं और कहें हमारे साथ जुड़ो तो उनसे कोई नहीं जुड़ने वाला। जब आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता घर घर जाता है तो बच्चा बच्चा बोलता है हम भी पार्टी से जुड़ेंगे। क्योंकि आम आदमी पार्टी लोगों की उम्मीद बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक से बात कर रहा था, वो जिस तरह से जमीन पर संगठन बनाने का काम करते हैं ये भी एक कला है। मैं उनसे पूछ रहा था कि हरियाणा का क्या माहौल है। वो कहते हैं जो माहौल चुनाव के समय पंजाब में था उससे 10 गुणा ज्यादा माहौल हरियाणा में है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले दिल्ली के लोगों ने मिलकर पहली बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई थी, पंजाब में दूसरी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई और 2024 में हरियाणा के लोग मिलकर तीसरी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने जा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी छोटी सी पार्टी है, पार्टी को बने 11 साल हुए हैं। एक विधायक बनने में चप्पल घिस जाती हैं तब बड़ी मुश्किल से कोई विधायक बनता है। लेकिन 11 साल में देश के लोगों ने आम आदमी पार्टी पर इतना विश्वास किया कि मात्र 11 साल में दो राज्यों में इस छोटी सी पार्टी की सरकार बन गई। गुजरात में 5 विधायक, गोवा में 2 विधायक, राज्यसभा में 10 सांसद, लोकसभा में एक सांसद आ गया और राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल गया। आज पूरे देश में मात्र 11 साल में आम आदमी पार्टी तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। प्रधानमंत्री मोदी इसी बात से घबराते हं़ कि जिस तेजी से आम आदमी पार्टी चल रही है यदि यह ऐसे ही चलती रही तो एक दिन दिल्ली और पंजाब की तरह सभी दूसरी पार्टियों का सुपड़ा साफ कर देगी। मोदी जी केजरीवाल से नहीं जनता की ताकत से घबराते हैं। यदि 75 साल में ये पार्टियां काम कर लेती तो आम आदमी पार्टी की क्या जरुरत थी। यदि कांग्रेस और भाजपा काम कर लेती तो दिल्ली व पंजाब में लोग आम आमदी पार्टी को क्यों वोट देते। यदि हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा वाले काम कर लेते तो जो 11000 लोग शपथ ग्रहण करने आए हैं उनके तंबू में बैठे होते।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने लोगों के मन में एक उम्मीद जगाई है। आम आदमी पार्टी लोगों के बच्चों, परिवार और दूख-दर्द की बात करती है। आज हरियाणा की जनता चक्की की तरह दोनों पार्टियों के बीच पीस रही है। एक पार्टी कहती है कि हम जाटों की पार्टी हैं, दूसरी कहती है नॉन जाटों की पार्टी हैं। हरियाणा की जनता ने दोनों को मौका देकर देख लिया न तो जाट वाली पार्टी ने जाटों का भला किया और न नॉन जाटों वाली पार्टी ने नॉन जाट वालों का भला किया। लेकिन आम आदमी पार्टी 36 बरादरी की पार्टी है। हम आपके बच्चों के लिए स्कूल बनवा देंगे, नौकरी का इंतजाम कर देंगे, बच्चों का भविष्य बना देंगे, बीमार का फ्री में ईलाज करवा देंगे, अस्पताल बनाएंगे, सड़कें बनाएंगे और बिजली मुफ्त दे देंगे। आम आदमी पार्टी एकमात्र पार्टी है जो जनता की बात करती है। 

उन्होंने कहा कि पूरे देश में भ्रष्टाचार, गुंडा गर्दी, लूटपाट हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि वो भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लड़ रहे हैं। मैं उनको कहना चाहता हूं कि मोदी जी यदि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे होते तो सबसे पहले केजरीवाल उनको समर्थन करता। क्योंकि मैं देश के लिए आया हूं। यहां जितने लोग बैठे हैं सब देश बदलने की उम्मीद लेकर आए हैं। मोदी जी एक स्टेट में गए और कहने लगे कि इन नेताओं ने 70 हजार करोड़ का भ्रष्टाचार कर दिया, इनको जेल में डालूंगा। चार दिन बाद उन नेताओं ने भाजपा ज्वाइन कर ली तो मोदी जी ने उनको उपमुख्यमंत्री बना दिया। ये भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई नहीं है, ये केवल नोटंकी है। पूरे देश में यही नोटंकी चल रही है। आज पूरे देश में चर्चाएं हो रही हैं कि कोई कितना भी बड़ा अपराधी और पापी क्यों न हो वो भाजपा ज्वाइन कर ले किसी की हिम्मत नहीं कि उसको ईडी और सीबीआई छू सके। इनकी पार्टी में चले जाओ पूरा संरक्षण मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी वो नहीं जिसको ईडी ने पकड़कर जेल में डाल दिया, भ्रष्टाचारी वो है जो ईडी के डर से भाजपा में चला गया। जिसको ईडी ने पकड़ कर जेल में डाल दिया और भाजपा में नहीं गया वो कट्टर इमानदार है। क्योंकि उसको पता है आज नहीं तो कल बाहर आ जाएगा। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में एक ही चर्चा है कि प्रधानमंत्री का एक दोस्त है वो उसके लिए ही काम करते हैं और असल में वो दोस्त ही देश चला रहा है। जब आप वोट डालने जाते हो तो आपका वोट मोदी जी तक नहीं पहुंचता, मोदी जी के जरिये उनके दोस्त तक पहुंचता है। ये स्थिति बहुत खतरनाक है। 

उन्होंने कहा ये लोग बोल रहे हैं केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे। ये लोग केजरीवाल को तो गिरफ्तार कर लेंगे, मेरी आवाज को कैसे दबाओगे। केजरीवाल को गोली मार दो, केजरीवाल मर जायेगा, लेकिन मोदी जी आपको नींद में भी मेरी आवाज सुनाई देगी। मरने के बाद भी आपको मेरी आवाज चैन से नहीं सोने देगी मोदी जी। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भी यही सोचा था, भगत सिंह, सुखदेव को जेल में डाल देंगे। जैसे ही जेल में डाला भगत सिंह और सुखदेव की आवाज घर घर में पहुंच गई । उन्होंने कहा फिर अंग्रेजों ने सोचा भगत सिंह को फांसी दे दो, लेकिन भगत सिंह के विचार आज 100 साल के बाद भी जिंदा हैं।उन्होंने कहा कि मैं उनको बता देना चाहता हूं कि केजरीवाल को गोली मार दोगे, फांसी पर चढ़ा दोगे, लेकिन केजरीवाल के विचारों को कैसे दबाओगे।

उन्होंने कहा कि लेकिन इस देश को अगर एक दोस्त चलाएगा तो मैं तो क्या देश का बच्चा बच्चा अपनी जान की परवाह करे बगैर आपकी खिलाफत करेगा। आज शपथ लेने के बाद आप सबको हरियाणा में घर घर जाना है। भगत सिंह बनना है। ये लोग बोलते हैं केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेंगे। हजारों केजरीवाल मेरे सामने बैठे हैं। एक केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेंगे, हजारों-लाखों केजरीवाल को कैसे गिरफ्तार करेंगे।

उन्होंने कहा आप लोग घर घर जाना, और भाजपा की भ्रष्ट केंद्र सरकार की पोल खोलना। आपको एक चीज का ध्यान रखना है, अंधभक्तों से मत उलझना, उन्हें नमस्कार करना और आगे बढ़ जाना। देश में दो कैटेगरी है, एक देशभक्त और दूसरी अंधभक्त। अंधभक्त देशभक्त नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि देशभक्त देश की सोचेंगे। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा युवाओं को आम आदमी पार्टी से जुड़ने का आह्वान भी किया।

उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी की तीन विचारधारा हैं। कट्टर देशभक्ति, कट्टर ईमानदारी और इंसानियत। आम आदमी पार्टी में आपको किसी इंसान की भक्ति नहीं करनी है। हम किसी बेईमान को पार्टी में नहीं लेते और बिना किसी जात धर्म को देखे ही हर इंसान की मदद करते हैं।

यह पढ़ें:

Haryana: रेडियोग्राफर के पदों पर भर्ती हुए युवाओं को जल्द दी जाएगी नियुक्ति: मुख्यमंत्री

नेशनल गेम्स में हरियाणा ने तोड़ा 2022 का रिकॉर्ड: 2022 में हरियाणा ने जीते थे 38 गोल्ड मेडल, अभी तक 48 जीते गोल्ड मेडल

कांग्रेस सरकार बनने पर पूरी होंगी सरपंचों की चारों मांग, खत्म होगी ई-टेंडरिंग- हुड्डा