पंचकूला में नगर निगम चुनाव का बिगुल बजा; अंबाला-सोनीपत का चुनावी शेड्यूल भी जारी, यहां देखें कब वोटिंग और कब गिनती
Panchkula Nagar Nigam Chunav 2026 Announced Ambala Sonipat MC Election
Panchkula Nagar Nigam Chunav: हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने सोमवार (13 अप्रैल) को पंचकूला समेत 3 नगर निगमों, 1 नगर परिषद और 3 नगर पालिकाओं के लिए चुनाव की घोषणा कर दी है। साथ ही 528 खाली पंचायती सीटों पर उपचुनाव का ऐलान भी किया गया है। पंचकूला में नगर निगम चुनाव कराने के साथ अंबाला-सोनीपत में भी नगर निगम चुनाव होगा। जबकि नगर परिषद रेवाड़ी, नगरपालिका सांपला, नगरपपालिका उकलाना और नगरपालिका धारुखेड़ा के लिए चुनाव का शेड्यूल जारी किया गया है। इसके साथ ही आज से आचार संहिता लागू हो गई है।
हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगम के मेयर और सभी वार्ड सदस्यों व नगर परिषद रेवाड़ी, नगरपालिका सांपला, नगरपालिका उकलाना और नगरपालिका धारुखेड़ा के अध्यक्षों और सभी वार्डों के सदस्यों के चुनाव के लिए 10 मई को सुबह 8 से 6 वोटिंग होगी और 13 मई को वोटों की गिनती के बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा।
इन निकायों में वार्ड सदस्यों के लिए उपचुनाव
10 मई को ही 6 और खाली वार्ड सदस्यों के पदों पर वोट डाले जाएंगे। राज्य चुनाव आयुक्त के अनुसार, नगर परिषद टोहाना के वार्ड नंबर-17, नगर परिषद झज्जर के वार्ड नंबर 13, नगर पालिका राजौन्द के वार्ड नंबर 11, नगर पालिका तरावड़ी के वार्ड नंबर 8, नगर पालिका कनीना के वार्ड नंबर 14 और नगर पालिका सढौरा के वार्ड नंबर 9 के उपचुनाव के लिए भी वोटिंग 10 मई को सुबह 8 से 6 बजे तक कराई जाएगी। साथ ही 13 मई को परिणाम जारी किया जाएगा।
नामांकन कबसे भर सकेंगे?
निकाय चुनाव के लिए 15 अप्रैल को नामांकन अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की तारीख 21 अप्रैल से 25 अप्रैल होगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 27 अप्रैल को 11:30 के बाद उम्मीदवारों के नामांकनों की जांच होगी और छंटनी की जाएगी। वहीं 28 अप्रैल को कोई भी उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकता है। साथ ही 28 अप्रैल को ही उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह अलॉट होंगे। वहीं पुनः अगर किसी जगह उपचुनाव की जरूरत रही तो फिर चुनाव 12 मई को होगा।
मेयर उम्मीदवार के लिए 30 लाख खर्च सीमा तय की गई
पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगम चुनाव के मेयर उम्मीदवार के लिए 30 लाख खर्च सीमा तय की गई है। जबकि वार्ड सदस्य उम्मीदवार के लिए यह सीमा 7.50 लाख है। बता दें कि पंचकूला में कुल 20 वार्ड हैं, 20 वार्डों में से 9 वार्ड महिला, एससी और बीसी कैटेगरी के लिए आरक्षित हैं, जबकि 11 वार्ड सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं, जहां महिला व पुरुष दोनों चुनाव लड़ सकेंगे। इसी तरह अंबाला= नगर निगम में भी वार्डों की संख्या 20 है। जिनमें से 10 वार्ड महिला, एससी और बीसी कैटेगरी के लिए आरक्षित हैं, जबकि 10 वार्ड सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं। इसी प्रकार सोनीपत में 22 वार्ड हैं, यहां 11 वार्ड आरक्षित हैं, जबकि 11 वार्ड सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं।
बता दें कि पंचकूला, अंबाला-सोनीपत तीनों नगर निगमों के चुनाव को लेकर वार्डबंदी और वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया पहले ही संपन्न की जा चुकी है। साथ ही आरक्षण विवाद पर हाईकोर्ट के दखल से नई प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई। पंचकूला के बीजेपी मेयर कुलभूषण गोयल और पार्षदों का तय कार्यकाल खत्म हो चुका है। बीजेपी एक बार फिर पंचकूला की छोटी सत्ता पर अपना कब्जा जमाने के लिए पूरी तैयारी में दिख रही है। साथ ही काँग्रेस भी इस बार पूरी तैयारी में हैं।
पंचायत उपचुनाव का भी ऐलान
हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने 528 खाली सीटों पर पंचायत उपचुनाव का भी ऐलान किया है। उन्होंने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत मंडी आदमपुर और जवाहर नगर, ग्राम पंचायत गोविंदपुरा और पोलर के आम चुनाव के साथ-साथ खाली 528 पंचायती राज सीटों पर उपचुनाव कराया जाएगा। जिसमें 485 पंच, 29 सरपंच, 12 पंचायत समिति सदस्य और 2 जिला परिषद सदस्यों के चुनाव हेतु वोटिंग 10 मई को सुबह 8 से 6 के बीच करवाई जाएगी। वहीं मतदान के बाद ही 10 मई को ही वोटों की गिनती कर पंचायत चुनाव का परिणाम जारी किया जाएगा। अगर किसी जगह उपचुनाव की जरूरत रही तो फिर चुनाव 12 मई को होगा।
रिपोर्ट- आदित्य शर्मा