Panchkula Nagar Nigam Chunav: पंचकूला के कई पोलिंग बूथों पर वोटिंग सुस्त; आज EVM में बंद हो रही उम्मीदवारों की किस्मत

पंचकूला के कई पोलिंग बूथों पर वोटिंग सुस्त; दोपहर 3.30 बजे तक कुल 35.7% मतदान, आज EVM में बंद हो रही उम्मीदवारों की किस्मत

Panchkula Chunav 2026 Voting Live Today Congress vs BJP

Panchkula Nagar Nigam Chunav: हरियाणा के पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में आज रविवार (10 मई) को नगर निगम चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से वोटिंग हो रही है। शाम 6 बजे तक वोटिंग का सिलसिला जारी रहेगा। इस बीच अगर बात पंचकूला चुनाव की करें तो यहां कुल 20 वार्डों में बनाए गए 204 पोलिंग बूथों पर वोट डाले जा रहे हैं। जहां सुबह से ही लोग वोट डालने के लिए कतारों में लगे हैं। हरियाणा के पूर्व विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता और पंचकूला विधायक चन्द्रमोहन समेत कई राजनीतिक दिग्गजों ने भी अपना वोट डाला है।

हालांकि पंचकूला के कई पोलिंग बूथों पर वोटिंग सुस्त भी है। इनमें वार्ड-1, 2, 3, 4, 5, 6, 10, 12, 13 ,14, 15 और 17 के कुछ बूथ शामिल हैं। यानि इन बूथों पर अभी ज्यादा संख्या में लोग वोट डालने के लिए घरों से नहीं निकले हैं। वहीं वार्ड 20 के बूथों पर वोट डालने वालों का आंकड़ा और वार्डों से ठीक-ठाक दर्ज किया गया है। इधर राजनीतिक दलों और उनके उम्मीदवारों ने जनता से ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील की है। राजनीतिक दलों के लोग पोलिंग बूथों के आसपास ही मौजूद हैं।

दोपहर 3.30 बजे तक कुल 35.7% मतदान

हरियाणा स्टेट इलेक्शन कमीशन के आधिकारिक आंकड़े के अनुसार, पंचकूला के कुल 2,07,444 वोटरों में से दोपहर 3.30 बजे तक 74,122 वोटरों ने वोटिंग की है। इस तरह से कुल 33.2% मतदान दर्ज हुआ है। वोटिंग के बीच सभी पोलिंग बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा पहरा है। अभी तक वोटिंग में किसी व्यवधान और बड़े हंगामे की खबर सामने नहीं आई है।

पंचकूला DCP खुद ले रहीं जायजा

खुद पंचकूला DCP सृष्टि गुप्ता मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मैदान में उतरी हुई हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं वोटिंग में खलल डालने और हिंसा उकसाने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस फोर्स अलर्ट मोड में है और पैनी नजर रखी जा रही है।

बीजेपी के श्यामलाल बंसल और सुधा भारद्वाज में सीधा मुक़ाबला

गौरतलब है कि इस बार बीजेपी ने श्यामलाल बंसल को पंचकूला से मेयर उम्मीदवार घोषित किया है। इसी के साथ कांग्रेस ने सुधा भारद्वाज को मेयर उम्मीदवार बनाया है। जबकि आम आदमी पार्टी ने राजेश कुमार और इनेलो ने मनोज अग्रवाल को मेयर उम्मीदवार बनाया है। लेकिन इस बार पंचकूला मेयर सीट पर बीजेपी की कांग्रेस के साथ कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। कुछ वार्ड सीटें भी ऐसी हैं जहां पर मामला फँसता हुआ दिख रहा है और मुक़ाबला दिलचस्प हो गया है।

पंचकूला मेयर पद के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में

पंचकूला नगर निगम चुनाव 2026 के तहत नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) और नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेयर पद के लिए 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें बीजेपी उम्मीदवार श्यामलाल बंसल और काँग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज के अलावा इनेलो के मनोज अग्रवाल, आम आदमी पार्टी के राजेश कुमार और आजाद उम्मीदवार के तौर पर करनैल सिंह बांगड और चौधरी चंदन सिंह शामिल हैं। इसके अलावा पार्षद पद के लिए 87 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए हैं। इन सबकी किस्मत आज EVM में कैद हो रही है।

13 मई को हो जाएगा फैसला

पंचकूला मेयर का ताज किसके सिर सजेगा? कौन वार्डों में बाजी मारेगा? 13 मई को इसका फैसला हो जाएगा। दरअसल 13 मई को वोटों की गिनती होगी और रिजल्ट जारी किया जाएगा। यानि 13 मई को उम्मीदवारों की हार-जीत तय हो जाएगी और यह पता चल जाएगा की किसकी क़िस्मत चमकी है और किसके हाथ मायूसी लगी है। फिलहाल हरियाणा की सत्ताधारी बीजेपी दावा कर रही है की पंचकूला में फिर से कमल ही खिलेगा। बता दें अभी पंचकूला नगर निगम पर बीजेपी की ही कब्जा था।