पंचायत प्रतिनिधि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर करें जनसेवा: उपमुख्यमंत्री
- By Gaurav --
- Monday, 15 Jun, 2026
Panchayat Representatives Urged
गांवों को विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन की सबसे मजबूत इकाई बताते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि गांव मजबूत और समृद्ध होंगे तो हिमाचल प्रदेश भी समृद्ध होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवा, गरीब कल्याण, नशा उन्मूलन और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
सोमवार को लता मंगेशकर कला केंद्र, समूरकलां में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री ने ऊना जिले की 249 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को पद एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। समारोह में करीब 500 पंचायत जनप्रतिनिधि और उनके परिजन उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सभी पंचायत प्रतिनिधि विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के मामलों में राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों और ऊना के भविष्य के निर्माता हैं तथा अगले पांच वर्षों में गांवों को किस दिशा में आगे बढ़ना है, यह काफी हद तक उनकी कार्यशैली और सोच पर निर्भर करेगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान यदि किसी कारणवश कटुता पैदा हुई है तो उसे पीछे छोड़कर संवाद, सहयोग और विकास की नई शुरुआत करनी चाहिए। पंचायतों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए और प्रत्येक पंचायत को विकास, शिक्षा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण के क्षेत्र में आदर्श बनने का प्रयास करना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों की सेवा, युवाओं के भविष्य का निर्माण और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से गांवों को विकास की नई दिशा देने और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आग्रह किया।