वैकल्पिक विषय खत्म, हरियाणा सिविल सेवा में चार के बजाय अब छह पेपर होंगे
- By Gaurav --
- Tuesday, 30 Dec, 2025
Optional subjects abolished, Haryana Civil Services exam will now have six
हरियाणा सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) परीक्षा में अब चार के बजाय कुल छह पेपर होंगे। हर पेपर 100 अंक का होगा। राज्य सरकार ने वैकल्पिक विषय को खत्म कर दिया है। पहले वैकल्पिक विषय के तौर पर 29 के आसपास सब्जेक्ट होते थे। छह पेपरों में अब चार पेपर जनरल स्टडीज के होंगे और बाकी दो पेपर हिंदी व अंग्रेजी (निबंध सहित] विषय के होंगे। पर्सनालिटी टेस्ट 75 अंकों का होगा। प्रत्येक पेपर की अवधि तीन घंटे की होगी। भाषा व साहित्य पेपर छोड़कर बाकी सभी के प्रश्नों के उत्तर हिंदी व अंग्रेजी में देने का विकल्प होगा।
हरियाणा सरकार ने हरियाणा सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) संशोधन नियम 2025 को अधिसूचित कर दिया है। अधिसूचित नियमों के मुताबिक मुख्य लिखित परीक्षा में सम्मिलित किए जाने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या विज्ञापित रिक्तियों की संख्या से बारह गुना होगी। वहीं पर्सनालिटी टेस्ट के लिए बुलाए जाने वाले उम्मीदवारों की कुल संख्या विज्ञापित रिक्तियों का तीन गुणा होगी। भूतपूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को सभी पेपरों में बैठना अनिवार्य होगा।