सारण विकास का नया रोडमैप: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद रुडी की बैठक में कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर मुहर

सारण विकास का नया रोडमैप: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद रुडी की बैठक में कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर मुहर

New roadmap for Saran development: Several major projects approved

New roadmap for Saran development: Several major projects approved

छपरा। सारण के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सारण के सांसद राजीव प्रताप रुडी के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई इस मुलाकात में जिले के वर्तमान और भविष्य के विकास को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान हाल ही में स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने पर विशेष बल दिया गया।

सांसद रुडी ने बताया कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को मंजूरी मिली है, जो सारण के आर्थिक और सामाजिक परिदृश्य को बदलने में अहम भूमिका निभाएंगी।
इनमें दिघवारा में प्रस्तावित छह लेन पुल, सोनपुर में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा, हरिहरनाथ कॉरिडोर, दिघवारा-भेल्दी स्पर और सारण सैटेलाइट टाउनशिप जैसी परियोजनाएं प्रमुख हैं।

इसके साथ ही बाकरपुर-डुमरिया घाट सड़क को ‘नारायणी पथ’ और उत्तरी गंगा तट मार्ग को ‘गंगा-अम्बिका भवानी पथ’ के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इन परियोजनाओं को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और पर्यटन विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


पुराने कामों को पूरा करने पर जोर

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर भी जोर दिया गया, ताकि पहले से चल रही परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सके।

सांसद रुडी ने सारण के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए कुछ नई परियोजनाओं का प्रस्ताव भी रखा, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया।

यह बैठक न केवल स्वीकृत योजनाओं को गति देने, बल्कि भविष्य की विकास रणनीति को मजबूत करने की दिशा में भी एक अहम पहल मानी जा रही है।