दिल्ली में हुई करोड़ों की चोरी का नेपाल पुलिस ने किया खुलासा, बरामद हुआ कीमती सामान
Nepal Police reveals theft worth crores in Delhi, valuables recovered
लखीमपुर। नेपाली पुलिस ने मार्च 2026 में दिल्ली में दो करोड़ से अधिक की हुई चोरी का खुलासा कर माल बरामद किया है। चोरी करने वाले नेपाल निवासी दो युवकों के साथ माल खरीदने वाला भी नेपाल देश के सुदूर पश्चिम प्रदेश में पकड़ा गया है।
नेपाल पुलिस ने इनसे बरामद करोड़ों की कीमत के आभूषण, महंगी घड़ियां और नकदी आदि दूतावास के माध्यम से गृहस्वामी को वापस लौटाया है। नेपाल पुलिस की यह कार्रवाई भारत में भी चर्चा का विषय बन गई है।
यह है पूरा मामला
दिल्ली के राजेंद्र नगर निवासी कारोबारी संजय कुमार माखीजा के घर गत मार्च में दो करोड़ से अधिक की चोरी हुई थी। गृहस्वामी के मुताबिक, घर में काम करने वाले नेपाली युवक उपेंद्र रावत निवासी बाजुरा ने अपने साथियों संग चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फिर नेपाल भाग गया था।
चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने नेपाल पुलिस से संपर्क साधा था। इसके बाद प्रदेश पुलिस कार्यालय और कैलाली जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपितों की तलाश शुरू की।
स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जाल बिछाकर नेपाल पुलिस ने उपेंद्र रावत, लोकेश धामी निवासी बाजुरा और चोरी का सामान खरीदने वाला अर्जुन सुनार निवासी अछाम को गिरफ्तार कर लिया।
नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश पुलिस उपमहानिरीक्षक ओम बहादुर राना के अनुसार आरोपितों के पास से करीब दो करोड़ सात लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद हुआ है।

बरामदगी में 12 महंगी घड़ियां, सोने के आभूषण, डायमंड ज्वेलरी, चांदी के जेवर, सोना और 12 लाख 90 हजार नेपाली रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा इनके पास से विभिन्न देशों की करेंसी भी मिली है।
जिला पुलिस कार्यालय कैलाली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र चंद्र ने बताया कि बरामद सामान भारतीय दूतावास के माध्यम से संबंधित मालिक को सौंप दिया गया है। फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।