पत्रकारों को एआई से जोड़ने की पहल, पंचकूला में 29 मई को होगी विशेष ट्रेनिंग लॉन्च
MWB to Launch AI Training
बदलते तकनीकी दौर में पत्रकारिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से मीडिया वेलबींग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्था की ओर से 29 मई को पंचकूला स्थित रेड बिशप में पत्रकारों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ट्रेनिंग कार्यक्रम की लॉन्चिंग की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष Harvinder Kalyan के करकमलों द्वारा किया जाएगा।
एमडब्ल्यूबी द्वारा पत्रकारों को एआई की ट्रेनिंग देने के लिए सेवानिवृत्त खुफिया अधिकारी डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है। डॉ. मनमोहन सिंह वर्तमान में ऑल इंडिया समाज सेवा केंद्र के अध्यक्ष तथा सांझा रेडियो के चेयरमैन हैं। इसके अलावा वे yestvee.in के प्रोड्यूसर-डायरेक्टर भी हैं और अब तक 35 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं।
मीडिया वेलबींग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने कहा कि पत्रकारिता तेजी से डिजिटल और तकनीकी बदलावों के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में पत्रकारों को नई तकनीकों, विशेषकर एआई से जोड़ना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि एआई आधारित तकनीकें भविष्य की पत्रकारिता का अहम हिस्सा बनने जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस ट्रेनिंग कार्यक्रम के माध्यम से पत्रकारों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, डिजिटल कंटेंट निर्माण, फैक्ट चेकिंग, तेज और प्रभावी समाचार लेखन तथा आधुनिक मीडिया तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इससे पत्रकारों को अपने कार्य को अधिक प्रभावी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान “आधुनिक पत्रकारिता में चुनौतियां” विषय पर विशेष संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेशभर के वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां भाग लेंगी। संगोष्ठी में डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, फेक न्यूज, सोशल मीडिया के दबाव, तकनीकी बदलावों और पत्रकारों की सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।