हरियाणा में पत्रकारों के लिए बड़ा कदम, MWB ने CM सैनी को दिया कार्यक्रम का न्योता
- By Gaurav --
- Sunday, 12 Apr, 2026
MWB Invites Haryana CM Nayab Saini
हरियाणा में पत्रकारों के सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (MWB) लगातार अहम भूमिका निभा रही है। संस्था के अध्यक्ष चंद्र शेखर धरणी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके निवास ‘संत कबीर कुटीर’ में मुलाकात कर आगामी प्रांतीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनने का निमंत्रण दिया।
धरणी ने बताया कि कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रेय और डीजीआईपीआर से भी समय निर्धारण का अनुरोध किया गया है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को संस्था की उपलब्धियों और पत्रकार हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि MWB देश की पहली ऐसी संस्था है, जिसने अपने सदस्यों को मुफ्त फैमिली हेल्थ इंश्योरेंस उपलब्ध कराया है। इसके साथ ही पत्रकारों को मुफ्त टर्म और एक्सीडेंटल इंश्योरेंस भी दिया जा रहा है। हाल ही में एक पत्रकार परिवार को 33 लाख रुपये तक का जोखिम कवर प्रदान किया गया, जो इस पहल की गंभीरता को दर्शाता है।
तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य को देखते हुए संस्था ने पत्रकारों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए मेवा सिंह राणा की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है, जिसमें विनोद लाहोट और पवन चोपड़ा शामिल हैं। यह कमेटी प्रदेश के तीन अलग-अलग स्थानों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगी।
इस पहल का उद्देश्य पत्रकारों को आधुनिक तकनीकों से लैस करना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।