मोहाली के 15 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; जीरकपुर-खरड़ के स्कूलों को भी थ्रेट, छुट्टी कर घर भेजे गए बच्चे, सर्च ऑपरेशन
Mohali Schools Bomb Threat Police Teams Bomb Squad Search Operation
Mohali Schools Bomb Threat: चंडीगढ़, अंबाला, अमृतसर, पटियाला और जालंधर के बाद अब मोहाली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। बुधवार सुबह मोहाली के 15 से ज्यादा अलग-अलग स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। केवल मोहाली ही नहीं जिले के जीरकपुर और खरड़ के स्कूलों को इसी तरह की धमकी मिली। जिसके बाद हड़कंप मच गया।
इधर बम की सूचना मिलते ही मोहाली पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में SSP समेत कई आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्कूलों को खाली कराते हुए बम स्क्वायड व डॉग स्क्वायड के साथ तत्परता से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और एंबुलेंस भी मौजूद रहीं। अब तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को बम या कुछ भी संदिग्ध बमनुमा जैसी चीज नहीं मिली है। हालांकि इस दौरान मौके पर दहशत का माहौल बना रहा।

तुरंत छुट्टी कर घर भेजे गए बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, बम की धमकी पाने वाले स्कूलों में तुरंत छुट्टी कर दी गई और बच्चे वापस घर भेज दिए गए। स्कूल प्रबंधन की तरफ से बच्चों के परिजनों को इस बारे में जानकारी दे दी गई थी। स्कूलों से छुट्टी की जानकारी मिलने पर बच्चों के परिजन भी हड़बड़ाहट में स्कूल पहुंचते देखे गए। दरअसल बम की सूचना से परिजनों में चिंता की लहर दौड़ गई थी। हालांकि मोहाली पुलिस की तरफ से स्कूलों को बम की धमकी मिलने के बाद हड़कंप के माहौल को देखते हुए पैनिक न होने की अपील की गई और अफवाहों से बचने को कहा गया।
.jpg)
ईमेल के जरिए बम की धमकी दी गई
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह ईमेल के जरिए एक के बाद एक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जिसके बाद स्कूलों ने फौरन इस बारे में मोहाली पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोहाली पुलिस भी तुरंत एक्शन में आई और आगे की कार्रवाई की गई। धमकी मिलने के बाद स्कूलों में भारी पुलिस बल की तैनाती देखी गई। पुलिस द्वारा मौके पर सभी तरह के सुरक्षा इंतजाम किए गए थे और स्कूलों को खाली कराया गया। स्कूल के आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी गई। बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड के साथ पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। बम की तलाश के लिए चप्पे-चप्पे पर तलाशी ली गई।
.jpg)
मोहाली SSP हरमनदीप सिंह का बयान
स्कूलों को बम की धमकी मिलने के सिलसिले में मीडिया से बातचीत करते हुए मोहाली SSP हरमनदीप सिंह ने बताया कि आज सुबह 16 स्कूलों को ईमेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मोहाली के साथ-साथ खरड़ और जीरकपुर के स्कूलों को भी धमकी आई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और 15 के करीब जनरल ड्यूटी ऑफिसर्स (GOs) और करीब 300 मुलाज़िम सर्च ऑपरेशन और कार्रवाई में शामिल रहे। SSP ने बताया कि स्कूलों को खाली करा लिया गया था। जिसके बाद पुलिस, बम स्क्वायड व डॉग स्क्वायड ने गहन सर्च ऑपरेशन चलाया। कई स्कूलों की चेकिंग पूरी कर ली गई है और वहां कुछ भी नहीं मिला है।
.jpg)
ईमेल आईडी की जांच साइबर टीम कर रही
स्कूलों को बम की धमकी मिलने को लेकर SSP हरमनदीप सिंह ने कहा कि मोहाली पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। बम डिस्पोजल टीम भी अपने स्तर पर अलर्ट है। इसके अलावा सभी स्कूलों को भी कहा गया है कि अगर ऐसी कोई धमकी आती है तो फौरन पुलिस को सूचना दें और स्कूल को तुरंत खाली कर दें। बच्चों को सुरक्षित घर भेजा जाये। SSP ने कहा कि स्कूलों को धमकी जिस ईमेल आईडी से आई है, उस ईमेल और आईपी एड्रेस की साइबर क्राइम टीम जांच कर रही है। जल्द ही इस बारे में पता लगा लिया जाएगा।
धमकी देने वाला आखिर कौन?
आशंका यही जताई जा रही है कि यह धमकी दहशत फैलाने के लिए यह किसी की जानबूझकर की शरारत या साजिश हो सकती है। लेकिन मोहाली पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए जरूरी कार्रवाई कर रही है। पुलिस की हर एंगल से जांच जारी है। पुलिस अब यह जान रही है कि धमकी देने वाला कौन है? पुलिस अपनी तरफ से अपनी पूरी जांच और छानबीन के बाद ही राहत की सांस लेगी। वहीं इस धमकी के बाद मोहाली के साथ-साथ चंडीगढ़ और पंचकूला में अलर्ट जारी है और स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
28 जनवरी को चंडीगढ़ के स्कूलों को मिली थी धमकी
ज्ञात रहे कि इससे पहले पिछले महीने चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब के कई स्कूलों को ईमेल के जरिए मैसेज भेज बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। 28 जनवरी को चंडीगढ़ के 25 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस के हाथ-पांव फूल गए थे और आनन-फानन में स्कूलों को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। हालांकि बम की धमकी फर्जी साबित हुई। कहीं भी कोई बम नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली थी। इसी तरह जनवरी में अंबाला के भी दर्जन से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी आई थी लेकिन कुछ नहीं मिला था।
15 दिसंबर और 31 जनवरी को जालंधर के स्कूलों को धमकी
ज्ञात रहे कि इससे पहले 15 दिसंबर और 31 जनवरी को पंजाब के जालंधर में कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके बाद हड़कंप मच गया था। स्कूलों को आनन-फानन में खाली कराया गया था। उस समय यहां के स्कूलों में बच्चों की भी मौजूदगी थी। धमकी के बाद बच्चों की छुट्टी कर उन्हें घर भेजा गया था। वहीं धमकी के बाद जालंधर पुलिस, बम स्क्वायड ने स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया था। चप्पे-चप्पे पर छानबीन की गई थी। तलाशी में डॉग स्क्वायड की टीम भी लगी हुई थी। हालांकि स्कूलों की छानबीन में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।
23 दिसंबर को पटियाला के स्कूलों को धमकी मिली
वहीं 23 दिसंबर को पटियाला के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। जिसके बाद हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पटियाला पुलिस भी तुरंत एक्शन में आई और आगे की कार्रवाई की गई थी. धमकी के बाद पटियाला पुलिस, बम स्क्वायड और फायर टीम मौके पर मौजूद रही और स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। चप्पे-चप्पे पर छानबीन की गई। हालांकि छानबीन में कहीं भी बम या कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। जिसके बाद स्कूल प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली थी।
12 दिसंबर को अमृतसर के स्कूलों को मिली धमकी
वहीं 12 दिसंबर को अमृतसर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जिसके बाद सभी स्कूलों में छुट्टी कर बच्चे घर भेज दिए गए थे। वहीं अमृतसर पुलिस, बम स्क्वायड की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। जिसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। मालूम रहे कि पंजाब का अमृतसर पाकिस्तान के साथ लगा एक सीमावर्ती इलाका है और इस लिहाज से यहां की सुरक्षा बेहद संवेदनशील हो जाती है। यहां लगातार पाकिस्तानी साजिश का खतरा मंडराता रहता है। इसीलिए इस धमकी को लेकर पुलिस पूरी तरह से सजग थी।
बढ़ रहा है धमकियों का सिलसिला
बता दें कि इससे पहले कई अदालतों, विमानों और दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों, मॉल, क्लब, होटलों में भी बम रखे जाने की धमकी दी जा चुकी है। जिसके बाद हड़कंप मच गया था। वहीं दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच की थी लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। मतलब हर बार पुलिस, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीम स्कूलों की तलाशी लेती है और बाद में धमकी अफवाह घोषित होती है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को इस तरह धमकी देने वालों का कोई पक्का इलाज करना चाहिए।