ऊना में सड़क हादसा: एलपीजी टैंकर और दो टिप्परों की जोरदार टक्कर, चालक गंभीर रूप से घायल
Massive Collision Between LPG Tanker and Two Tippers
ऊना। Massive Collision Between LPG Tanker and Two Tippers, हिमाचल के ऊना जिले के संतोषगढ़ क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार सुबह संतोखगढ़ पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक एलपीजी गैस टैंकर और दो टिप्परों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ड्राइवर अपने-अपने वाहनों में बुरी तरह फंस गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।
इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए संतोखगढ़ पुल पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए यातायात को बहाल करवाया।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शनिवार रात को भी संतोषगढ़ के गोशाला चौक पर एक बड़ा हादसा हुआ था, जब एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसा था। हालांकि उस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ था।
लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक और तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। वहीं, संतोषगढ़ पुलिस चौकी ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।