जालंधर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी कामयाबी: अंतरराष्ट्रीय आर्म्स सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश, 8 आधुनिक पिस्तौल के साथ 4 वांछित गिरफ्तार

जालंधर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी कामयाबी: अंतरराष्ट्रीय आर्म्स सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश, 8 आधुनिक पिस्तौल के साथ 4 वांछित गिरफ्तार

Major Breakthrough for Jalandhar Police Commissionerate

Major Breakthrough for Jalandhar Police Commissionerate

जालंधर। Major Breakthrough for Jalandhar Police Commissionerate, पंजाब के जालंधर पुलिस कमिश्नरेट को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से आठ आधुनिक पिस्तौल और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस का दावा है कि आरोपितों के संबंध विदेश में बैठे संचालकों से जुड़े हुए हैं और वे लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे। पुलिस द्वारा बरामद किए गए हथियारों में एक पीएक्स5 पिस्तौल, एक जिगाना पिस्तौल, तीन .30 बोर और तीन .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह हथियार अत्याधुनिक श्रेणी के हैं और इनका इस्तेमाल गंभीर आपराधिक घटनाओं में किया जा सकता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपित दो हत्या मामलों में भी वांछित चल रहे थे। पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।

पुलिस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी

पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि इस कार्रवाई से अवैध हथियार सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क को तोड़ने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि जांच में विदेशों में बैठे संचालकों और स्थानीय स्तर पर सक्रिय लोगों के बीच संपर्कों की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हथियार कहां से लाए जा रहे थे और किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे। इसके अलावा विदेश में बैठे संचालकों की भूमिका और आर्थिक लेनदेन की भी जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा और अन्य जानकारियों के आधार पर पूरे गिरोह का नेटवर्क खंगाल रही है।

आरोपितों का पिछला रिकार्ड खंगाल रही पुलिस

सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों का संबंध कई अन्य आपराधिक गतिविधियों से भी हो सकता है। ऐसे में पुलिस अब उनके पुराने रिकॉर्ड और संपर्कों की भी जांच कर रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पंजाब में संगठित अपराध और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात में किया जा सकता था।