पंजाब में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 पीसीएस अधिकारियों के तबादले
Major administrative reshuffle in Punjab, 15 PCS officers transferred
चंडीगढ़। राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए रविवार को 15 पीसीएस अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति आदेश जारी किए। मुख्य सचिव केएपी सिन्हा की ओर से जारी आदेशों के तहत कई जिलों में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर, एसडीएम और अन्य अहम पदों पर नई तैनातियां की गई हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, कपूरथला के अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) सकत्तर सिंह बल को डायरेक्टर स्कूल शिक्षा (सेकेंडरी) पंजाब तथा अतिरिक्त प्रभार सचिव पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड, मोहाली लगाया गया है। वहीं, जालंधर के अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) तेजदीप सिंह सैनी की सेवाएं हाउसिंग एवं अर्बन डेवलपमेंट विभाग को सौंपते हुए उन्हें अतिरिक्त मुख्य प्रशासक जालंधर विकास प्राधिकरण नियुक्त किया गया है।
सिमरप्रीत को मानसा की जिम्मेदारी
जालंधर विकास प्राधिकरण में तैनात अमरजीत को अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) जालंधर लगाया गया है। मानसा की अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अनुप्रिता जौहल को पटियाला भेजा गया है, जबकि पटियाला में तैनात सिमरप्रीत को मानसा की जिम्मेदारी सौपी गई है।
स्थानीय सरकार विभाग में संयुक्त सचिव चारुमिता को एसडीएम अजनाला नियुक्त किया गया है। धर्मकोट के एसडीएम गुरविंदर सिंह जौहल को अतिरिक्त प्रभार के तौर पर नगर निगम मोगा का कमिश्नर भी बनाया गया है।
सरकार ने सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार संभालने के दिए निर्देश
फिरोजपुर की क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण सचिव तुषिता गुलाटी को मुख्यमंत्री फील्ड अधिकारी लुधियाना लगाया गया है। गुरदासपुर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अरविंदर पाल सिंह को एसडीएम गिद्दड़बाहा तथा अतिरिक्त प्रभार क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री मुक्तसर साहिब का दिया गया है।
इसके अलावा बठिंडा के एसडीएम बलकरण सिंह माहल को रामपुरा फूल, कोटकपूरा के एसडीएम सुखराज सिंह ढिल्लों को सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त पटियाला तथा गुरुहरसहाय के एसडीएम बेअंत सिंह सिद्धू को कोटकपूरा भेजा गया है। वहीं जसपाल सिंह बराड़ को गिद्दड़बाहा से गुरुहरसहाय स्थानांतरित किया गया है।
सरकार ने सभी अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। आदेशों में कहा गया है कि खाली होने वाले पदों का कार्य संबंधित विभाग आंतरिक व्यवस्था के तहत संभालेंगे।