“मीन महोत्सव में उठीं पट्टा समस्याएं, मंत्री लिखेंगे CM को पत्र”
Lease issues raised during the Pisces Festival
लखनऊ। मत्स्य पालन के लिए तालाबों के पट्टा आवंटन में आ रही मुश्किलों को दूर करने और प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए मत्स्य विभाग प्रयास तेज करने जा रहा है।
हाल ही में हुए मीन महोत्सव में मत्स्य पालकों ने पट्टा आवंटन न होने से लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) स्तर से अनुमोदन मिलने में आ रही समस्याएं उठाई थीं। जिसके बाद मत्स्य मंत्री संजय निषाद द्वारा इनके समाधान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा जाएगा।
प्रदेश में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक तालाबों के पट्टे आवंटित करने की कोशिश चल रही है। मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य सहकारी समितियों को गठन कर भी पट्टे आवंटित किए जा रहे हैं।
पट्टे को लेकर भी मिली थी शिकायतें
मीन महोत्सव के दौरान सहकारी समितियों के लिए तालाबों के पट्टा आवंटन की दर व्यक्तिगत पट्टों से दोगुणा हाेने का मामला उठाया गया था। साथ ही पट्टे के लिए चयन होने के बाद एसडीएम स्तर से अनुमोदन न मिलने की भी शिकायतें मिली थीं
पट्टों के आवंटन में नियमों की अनदेखी करने की भी बात कही गई थी। इस मत्स्य मंत्री ने समस्या निदान का आश्वासन दिया था। मंत्री ने बताया कि मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए हमारी कोशिश है कि सभी पट्टों का आवंटन पात्रों को आसानी से किया जा सके।
इस संबंध में वह मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे। तालाबों के पट्टा आवंटन की दर में समानता, अभिलेखों के अंकित रकबे के अनुसार आवंटन और अनुमोदन की प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए मांग की जाएगी।