जोधपुर पहुंचीं कंगना रनौत, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना की
- By Gaurav --
- Thursday, 11 Jun, 2026
Kangana Ranaut Praises PM
सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रानोत गुरुवार को जोधपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की।
कंगना ने कहा कि भारत तेजी से वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक समर्थन और लोकप्रियता प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और कई देशों में जारी संघर्षों के बावजूद भारत विकास और आर्थिक मजबूती के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं का अहम योगदान रहा है।
कंगना ने देशसेवा में जुटे कर्मयोगियों को अपनी प्रेरणा बताते हुए कहा कि समर्पण और निष्ठा से कार्य करने वाले लोग ही राष्ट्र निर्माण की असली ताकत हैं।
इस दौरान उन्होंने बताया कि "भारत भाग्य विधाता" के ग्रैंड प्रीमियर के लिए जोधपुर का चयन किया गया है। उन्होंने जोधपुरवासियों का आभार जताते हुए अभिनेता जान अब्राहम का भी धन्यवाद किया।