पत्रकार राजेश नागर को भ्रातृ शोक
Journalist Rajesh Nagar bereaved by brother's Death
फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के मीडिया सलाहकार एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश नागर के बड़े भाई (ताऊ के पुत्र) महावीर नागर का आज उनके तिगांव स्थित निवास पर आकस्मिक निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार तिगांव श्मशान घाट में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वर्गीय महावीर नागर का जन्म वर्ष 1954 में हुआ था। वे नगर निगम से सेवानिवृत्त होने के पश्चात अपने पैतृक निवास तिगांव में परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पुत्र, पुत्रवधू एवं अन्य परिजन हैं। उनकी दोनों पुत्रियां भी विवाहोपरांत अपने-अपने परिवारों के साथ सुखपूर्वक जीवन यापन कर रही हैं।
वरिष्ठ पत्रकार राजेश नागर ने बताया कि स्वर्गीय महावीर नागर अत्यंत सरल, सौम्य, मिलनसार एवं स्नेही व्यक्तित्व के धनी थे। समाज में उनकी पहचान एक सहयोगी एवं आत्मीय स्वभाव के व्यक्ति के रूप में थी। उन्होंने अपने जीवनकाल में पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों का सदैव निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। उनके निधन से परिवार ही नहीं, बल्कि समाज के अनेक लोगों को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
नागर ने कहा कि स्वर्गीय महावीर नागर का स्नेह, आत्मीयता एवं समाज के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।