केंद्र सरकार की नीतियों पर झामुमो का हमला, भाजपा ने दिया करारा जवाब
JMM attacks central government policies
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने केंद्र की नीतियों पर निशाना साधते हुए देश की मौजूदा स्थिति को आर्थिक और सामाजिक आपातकाल करार दिया।
शुक्रवार को हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने केंद्र को निशाने पर लेते हुए कहा कि चुनाव जीतना अलग बात है और देश चलाना अलग।
इसे अब भाजपा समर्थित अर्थशास्त्री भी स्वीकार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा की तस्वीरों को देश की बदहाली पर मजाक बताते हुए उन्होंने कहा कि जब देश संकट में हो, तब नेतृत्व का ऐसा रुख दुर्भाग्यपूर्ण है।
संथाल परगना से सिंहभूम तक के सीमावर्ती क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल और त्योहारों पर पाबंदियों का जिक्र करते हुए भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार की तुलना रेत में सिर छिपाने वाले शुतुरमुर्ग और रोम जलने पर बांसुरी बजाने वाले नीरो से की।
उन्होंने झारखंड के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार, जीएसटी बकाया की अनदेखी और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। आरोप लगाया कि वर्ष 2029 तक समाज को गहरे सामाजिक विभाजन में बांटने की तैयारी है। भीषण गर्मी के बाद झामुमो महंगाई और आर्थिक बदहाली के खिलाफ सड़क पर उतरेगी।
अर्बन नक्सलवाद की मानसिकता से चल रहा है झामुमो : भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि बंगाल चुनाव परिणामों के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा पूरी तरह हताश, निराश और राजनीतिक असुरक्षा से ग्रस्त होकर अनर्गल बयानबाजी कर रहा है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने शुक्रवार को कहा कि जनसमर्थन घटता देख झामुमो अब तथ्यों और विकास की राजनीति छोड़ भ्रम, डर और झूठ फैलाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई लोकप्रिय सरकार को हटाने और अस्थिरता पैदा करने की मानसिकता दरअसल अर्बन नक्सलवाद सोच का हिस्सा है।
अजय ने कहा कि जैसे मोदी सरकार ने देश में नक्सलवाद को निर्णायक रूप से समाप्त किया है, वैसे ही आने वाले समय में अर्बन नक्सलवाद की सोच और उसे संरक्षण देने वाले नेटवर्क पर भी कड़ा प्रहार किया जाएगा।
झामुमो की असली बेचैनी केंद्र की योजनाओं से नहीं, बल्कि बंगाल के रास्ते चल रहे कोयला और बालू के अवैध कारोबार पर बढ़ती जांच से है। भाजपा सरकार बनने के बाद इन अवैध नेटवर्क और संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई तय है, इसलिए झामुमो बौखलाहट में बयान दे रहा है।